प्रयागराज जनपद के खुल्दाबाद थाना अंतर्गत रोशनबाग में नवाबी जायका रेस्टोरेंट में गोमांस की बिरयानी बेचने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई । पुलिस ने चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। हिंदू संगठनों ने इस घटना पर आक्रोश व्यक्त किया है। विश्वहिदू परिषद के कार्यकर्ताओं का कहना है कि रोशन बाग मोहल्ले में लगातार गोवंश काटने की शिकायत मिल रही थी।
विहिप की तहरीर पर हुई एफआईआर
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी लालमणि तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने खुल्दाबाद थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है। एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने चार अभियुक्तों मोहम्मद जैद, मिज्जन, अयान और समसुल को गिरफ्तार कर लिया है। लालमणि तिवारी का कहना है कि कुछ दिनों से गोवंश की हत्या कर उनके मांस की बिरयानी बेचने की शिकायत मिल रही थी। जब वहां पहुंच कर रेस्टोरेंट के मालिक से पूछा गया तो रेस्टोरेंट के मालिक और कर्मचारी मारपीट पर उतारू हो गए।
ग्राहक बनकर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने किया खुलासा
जानकारी के अनुसार विहिप कार्यकर्ता शुभम कुशवाहा, श्यामजी शर्मा व विजय पांडेय ग्राहक के रूप में नवाबी जायका रेस्टोरेंट पर गए थे। पूछने पर दुकानदार ने मुर्गा, बकरा, गाय, भैंस सबकी बिरयानी होने का दावा किया। बीफ बिरयानी, बीफ गुलावटी, कवाब पराठा, बीफ बोटी, कबाव बीफ, कबाव रोल व बीफ बनकवाव आदि का अलग-अलग रेट, लिस्ट लिखा हुआ पाया गया।

















