अहमदाबाद। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि हमने पश्चिम बंगाल चुनाव में जो वादे किए थे, उसके अनुसार बांग्लादेश सीमा पर फेंसिंग और सुरक्षा को मजबूत किया जा रहा है। हमारी सरकार का संकल्प है कि देशभर से एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकाला जाएगा। मैं घुसपैठियों से कहना चाहता हूं कि समय रहते ख़ुद से अपने देश वापस लौट जाओ।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बंगाल में ममता बनर्जी के राज में घुसपैठ होती थी और अब घुसपैठ करने वाले अपने आप जाने लगे हैं। शुभेंदु जी ने, भाजपा सरकार ने डिटेंशन सेंटर बनाए हैं। जो घुसपैठ करके अवैध तरीके से आए हैं वे अपने आप जहां से आए थे वहां वापस चले जाएं। अगर वे अपने आप वापस चले जाते हैं तो बंगाल सरकार कोई केस नहीं करेगी और जाने के लिए उनकी सहायता भी करेगी। जब पहचान का अभियान चले तो ढेर सारे लोग अपने आप चले जाएं।
केंद्रीय मंत्री शाह दो दिवसीय गुजरात दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को अहमदाबाद के एस.जी. हाइवे स्थित सोला उमियाधाम कैंपस में पाटीदार समाज के युवाओं के लिए नवनिर्मित जे.एस. पटेल कुमार छात्रावास और तपस्वीकुमार पटेल कन्या छात्रावास के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज देश के 80 प्रतिशत भूभाग पर भाजपा का शासन है।
हमने पश्चिम बंगाल चुनाव में जो वादे किए थे, उसके अनुसार बांग्लादेश सीमा पर फेंसिंग और सुरक्षा को मजबूत किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल सरकार ने सात दिनों में 600 हेक्टेयर जमीन बीएसएफ को सौंप दी है।
(इनपुट हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी)

















