महाराष्ट्र में नासिक के टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) कंपनी में हिंदू महिलाओं के यौन शोषण और जबरन कन्वर्जन मामले में अहम जानकारी सामने आई है। इस मामले की मुख्य आरोपी निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर में पनाह देने के आरोप में पुलिस ने एआईएमआईएम के पूर्व पार्षद मतीन पटेल को सह-आरोपी बनाया है। नासिक पुलिस की एआईटी टीम ने 25 मई को उससे आठ घंटे तक कड़ी पूछताछ की। जांच में सामने आया है कि छत्रपति संभाजीनगर के जिस फ्लैट में निदा खान ने अपने परिवार के साथ पनाह ली थी, उसके मालिक हनीफ शेख को मतीन पटेल ने फोन करके मिलने के लिए बुलाया था। उसने फोन पर कहा था, ”क्या, हनीफभाई, आप आजकल काम पर नहीं आ रहे हैं। हमारे मेहमान को रहने के लिए घर चाहिए।” ये बातचीत मतीन पटेल की कॉल रिकॉर्डिंग से सामने आई है। पटेल के मोबाइल में मौजूद सबूतों के मुताबिक, इस मामले की कड़ी जल्द ही सुलझने वाली है। साथ ही बड़ी मछली के भी शीघ्र पकड़े जाने का दावा किया जा रहा है।
मतीन पटेल से आठ घंटे पूछताछ हुई
नासिक पुलिस के नोटिस जारी करने के बाद मतीन पटेल 25 मई को पुलिस कमिश्नरेट में पेश हुआ। यहां एसआईटी हेड असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर संदीप मिटके ने उससे आठ घंटे पूछताछ की थी। उस समय पटेल का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया था।
‘प्रेग्नेंट मेहमान को रखना है’
जांच में सामने आया है कि छत्रपति संभाजीनगर के जिस घर में निदा खान ने पनाह ली थी, उसके मकान मालिक हनीफ शेख को एआईएमआईएम के पार्षद मतीन पटेल ने फोन करके मिलने के लिए बुलाया था। पटेल ने कहा था, “क्या हनीफभाई, आप आजकल काम पर नहीं आ रहे हैं। इस पर हनीफ ने कहा कि ऐसी बात नहीं है। बताओ क्या काम है? फिर मतीन ने बोला कि अपने नए घर में आओ।” वहां जाने के बाद मतीन ने मकान मालिक हनीफ शेख से घर की चाबियां यह कहकर ले लीं कि आपको अपने नए घर में एक गेस्ट को रखना है, वह प्रेग्नेंट हैं।
हमारा घर TV पर क्यों दिख रहा है?
एसआईटी टीम ने 7 मई को छत्रपति संभाजीनगर के एक फ्लैट में छिपी निदा खान को साधारण कपड़ों में छापेमारी कर रात के अंधेरे में गिरफ्तार किया था। उस समय यह मामला पूरे देश में सुर्खियां बटोर रहा था। सब कुछ टीवी और मीडिया में दिखाया जा रहा था। निदा की गिरफ्तारी के बाद, जिस घर में वह छिपी थी, उसे भी न्यूज में दिखाया जाने लगा। हनीफ शेख का घर टीवी पर दिखाए जाने पर उसकी पत्नी ने पति से सवाल किया, “हमारा घर TV पर क्यों दिखाया जा रहा है?” टीवी पर अपना घर देखकर हनीफ भी परेशान हो गया था। उसने अपनी पत्नी से कहा कि यह घर तो उसने मतीन भाई के मेहमान को किराए पर रहने के लिए दिया था। जरूर कुछ गड़बड़ है। जब हनीफ को इस बात की जानकारी हुई कि उसके घर में जो मेहमान अपने परिवार के साथ रुकी हुई थी वह नासिक टीसीएस मामले की मुख्य आरोपी निदा खान है, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
निदा खान की चैट में भी कई चौंकाने वाले खुलासे
हाल ही में पुलिस की जांच टीम को निदा खान की एक व्हाट्सऐप चैट मिली, जिसमें उसने हिंदू पीड़िता के बदले हुए ‘हानिया’ नाम का जिक्र किया था। पुलिस के अनुसार, हिंदू पीड़िता को कन्वर्जन के जाल में फंसाने के लिए एक सुनियोजित साजिश रची गई थी। पीड़िता का नाम बदलकर जानबूझकर हानिया रखा गया था, ताकि उसकी हिंदू पहचान मिटाई जा सके। चैट में निदा खान अपनी चचेरी बहन से कह रही थी, “आज मैं हानिया के साथ बाहर जा रही हूं, जब उससे पूछा गया कि हानिया कौन है?, तो वह कहती है, वही जिसने कन्वर्जन किया है।”
SIT ने कोर्ट में 1500 पेजों की चार्जशीट दाखिल की
इस मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल ने कोर्ट में 1500 पेजों की चार्जशीट दाखिल की है। 26 मार्च 2026 को देवलाली कैंप पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई शिकायत के मुताबिक तीनों आरोपियों दानिश शेख, तौसीफ अत्तर और निदा खान के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दानिश और तौसीफ को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। निदा खान कई दिनों से फरार चल रही थी, जिसे पुलिस ने छत्रपति संभाजीनगर से पकड़ा था। मतिन पटेल पर आरोप है कि जब निदा खान पुलिस को चकमा देकर अपनी लोकेशन बदलकर छिप रही थी, तब उसने उसे पनाह दी थी।















