महाराष्ट्र के नासिक में टीसीएस (TCS) से जुड़े एक कथित मामले ने काफी चर्चा और विवाद पैदा कर दिया है। यह मामला फिलहाल पुलिस जांच के दायरे में है और अदालत में चार्जशीट दाखिल होने के बाद इससे जुड़ी कई जानकारियाँ सामने आ रही हैं।
धर्मांतरण से जुड़े आरोपों की चल रही जांच
मामले में मुख्य आरोपी के रूप में निदा खान का नाम सामने आ रहा है। पुलिस चार्जशीट के अनुसार, उस पर आरोप है कि उसने एक हिंदू पीड़िता को अपने घर ले जाकर इस्लामिक गतिविधियों और नमाज पढ़ने की जानकारी दी, निदा खान ने यह बात कबूली भी है। जांच में यह भी दावा किया गया है कि पीड़िता के मोबाइल फोन से कुछ इस्लाम से जुड़े ऑडियो क्लिप और ऐप्स मिले हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है। पुलिस का यह भी कहना है कि पीड़िता पर लगातार इस्लाम सामग्री देखने और समझने का दबाव बनाया गया। आरोपों के अनुसार, सोशल मीडिया पर वीडियो और रील्स के जरिए उसे प्रभावित करने की कोशिश की गई। यह भी दावा है कि धीरे-धीरे उसका मानसिक रूप से विचार बदलने का प्रयास किया गया और नाम बदलने जैसी बातें भी सामने आई हैं। हालांकि, ये सभी बातें अभी जांच और कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा हैं।
इस मामले में अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। दानिश शेख पर आरोप है कि उसने पीड़िता को नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में शादी का झांसा देकर कथित रूप से शारीरिक और मानसिक शोषण किया। इसके साथ ही आर्थिक लेन-देन और कीमती सामान लेने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। वहीं, तौफिक अत्तार पर ऑफिस में अनुचित व्यवहार और छेड़छाड़ के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या किसी अन्य व्यक्ति या संगठन की इसमें कोई भूमिका रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या किसी ने आरोपियों को बचाने या मदद करने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले से जुड़े डिजिटल सबूतों, मोबाइल डेटा, ऑडियो क्लिप्स और अन्य दस्तावेजों की गहराई से जांच कर रही है।
















