केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विपक्ष के नेता पिनाराई विजयन विवादों के केंद्र में आ गए हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) मामले में केरल के 10 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई सुबह से ही जारी रही और कई अहम दस्तावेजों की जांच की गई।
हाई कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद ED का एक्शन
ED की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब एक दिन पहले ही केरल हाई कोर्ट ने CMRL मामले में एजेंसी की जांच रद्द करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद ED ने मामले से जुड़े लोगों और ठिकानों पर तलाशी अभियान तेज कर दिया। यह मामला कथित वित्तीय लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हुआ है। ED प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत इसकी जांच कर रही है। एजेंसी ने इस मामले में ECIR दर्ज करने के बाद जांच शुरू की थी। हालांकि पिनाराई विजयन का नाम सीधे तौर पर जांच में शामिल नहीं है, लेकिन विवाद तब बढ़ गया जब आरोप लगे कि CMRL कंपनी ने उनकी बेटी वीना थैक्कंडियिल की आईटी कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड को संदिग्ध भुगतान किए थे। विपक्ष का आरोप है कि कंपनी को बिना कोई सेवा दिए हर महीने पैसे दिए गए।
इसी आरोप के बाद केरल की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। विपक्ष लगातार विजयन और उनके परिवार पर सवाल उठाता रहा है। वहीं, विजयन पक्ष ने इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है। यह मामला विजयन सरकार के सामने सबसे संवेदनशील राजनीतिक मुद्दों में से एक माना जा रहा है। CMRL और उसके अधिकारियों ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर कहा था कि इस मामले में PMLA के तहत कोई अपराध नहीं बनता, इसलिए ED को जांच करने का अधिकार नहीं है। लेकिन कोर्ट ने जांच रोकने से इनकार कर दिया। इस मामले की जांच सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस (SFIO) भी कर रहा है। इसी बीच ED ने तमिलनाडु में भी एक बड़े ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की है। मंगलवार को मदुरै और चेन्नई में पांच जगहों पर छापेमारी की गई। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह गिरोह समुद्र के रास्ते श्रीलंका में नशीले पदार्थों की तस्करी करता था। अधिकारियों ने बताया कि गिरोह से 99 किलो हशीश और 37.5 किलो मेथामफेटामाइन बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत करीब 258 करोड़ रुपये बताई जा रही है। DRI ने मार्च 2024 में मन्नार की खाड़ी में एक मछली पकड़ने वाली नाव से यह ड्रग्स पकड़ी थी। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था और अब पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
















