नागपुर | मई 23, 2026 महाराष्ट्र के नागपुर में पिछले कई दिनों से चल रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के ‘कार्यकर्ता विकास वर्ग-द्वितीय’ का भव्य समापन आगामी 4 जून को होने जा रहा है। इस वर्ष के समापन समारोह में देश के दिग्गज उद्योगपति और पद्मभूषण से सम्मानित श्री कुमारमंगलम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
सरसंघचालक जी का होगा मार्गदर्शन
नागपुर में डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति भवन के स्मृति मंदिर परिसर के समीप रेशिमबाग के मैदान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी मुख्य वक्ता होंगे।
बता दें कि ‘कार्यकर्ता विकास वर्ग-द्वितीय समापन समारोह के दौरान स्वयंसेवकों और समाज को दिया जाने वाला उनका उद्बोधन वर्तमान राष्ट्रीय और सामाजिक परिस्थितियों के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
11 मई से चल रहा है प्रशिक्षण वर्ग
गौरतलब है कि यह अखिल भारतीय स्तर का प्रशिक्षण वर्ग पिछले 11 मई से नागपुर में निरंतर चल रहा है। संघ की प्रशिक्षण व्यवस्था के तहत आयोजित इस ‘कार्यकर्ता विकास वर्ग’ में देशभर के अलग अलग प्रान्तों से चयनित स्वयंसेवक हिस्सा ले रहे हैं।
कड़े अनुशासन और वैचारिक मंथन के बीच चल रहे इस वर्ग में स्वयंसेवकों को संगठन कार्य और समाज सेवा के विभिन्न आयामों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग द्वितीय का समापन समारोह 4 जून को होगा। प्रसिद्ध उद्योगपति पद्मभूषण श्री कुमारमंगलम बिरला प्रमुख अतिथि होंगे तथा पू. सरसंघचालक डा. मोहन भागवत जी का उद्बोधन होगा। यह वर्ग नागपुर में 11 मई से चल रहा है। pic.twitter.com/RY5A1Mzbq0
— RSS (@RSSorg) May 22, 2026
कार्यक्रम का विवरण (Event Highlights)
संघ द्वारा साझा किए गए विवरण के अनुसार, कार्यक्रम की रूपरेखा इस प्रकार है:
- दिनांक: 4 जून, 2026 (गुरुवार)
- समय: सायं 6:30 बजे
- स्थान: रेशिमबाग मैदान, नागपुर
- मुख्य अतिथि: पद्मभूषण श्री कुमारमंगलम बिरला (प्रसिद्ध उद्योगपति)
- उद्बोधक: प. पू. सरसंघचालक डॉ. मोहन जी भागवत
‘कार्यकर्ता विकास वर्ग-द्वितीय’ के सर्वाधिकारी सरदार महेंद्र सिंह मग्गो एवं नागपुर महानगर संघचालक राजेश लोया ने नागरिकों से इस समापन समारोह में सपरिवार उपस्थित होने का आह्वान किया है।

















