बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर उनके नाम से फैलाए जा रहे कुछ बयानों को पूरी तरह से फर्जी और निराधार बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे दावे केवल उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं। कंगना ने बुधवार (20 मई) रात अपने एक्स अकाउंट पर एक फर्जी पोस्ट को साझा करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “क्या ये जोकर हैं, मेरे नाम का इस्तेमाल करके बेवजह फर्जी और बिना मतलब की बातें फैला रहे हैं। बस इसी से इन्हें दो मिनट का अटेंशन मिल सकता है। सैकड़ों चुनाव हारने के बाद कांग्रेस की ऐसी हालत हो गई है। हा हा।”
कांग्रेस प्रवक्ता ने क्या लिखा?
कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने अपने एक्स अकाउंट पर एक स्क्रीनशॉट साझा करते हुए 20 मई को लिखा, “क्या ये महिला सांसद महामूर्ख नहीं है? कैसे-कैसे लोग भाजपा ने सांसद बनाए हैं और जनता ने इन्हें वोट भी दिया है।” स्क्रीनशॉट में कंगना की तस्वीर के साथ लिखा है- यहां हिंदू खतरे में है और तुम्हें NEET Exam की पड़ी है। हिंदू ही नहीं रहेगा तो यह नीट परीक्षा कौन देगा।
यूजर्स बोले- ये लोग अपना दिमाग और इंसानियत खोते जा रहे हैं
कांग्रेस प्रवक्ता के विवादित बयान पर कंगना के अलावा सोशल मीडिया यूजर्स ने भी आपत्ति जताई है। एक यूजर ने लिखा, ”जब तक केस फाइल नहीं करेंगी, तब तक ये लोग आप की छवि खराब करते रहेंगे। इंस्टाग्राम आपके नाम पर फेक खबरों से भरा पड़ा है। अब ऐसे लोगों पर मानहानि का केस फाइल करना ही पड़ेगा।” अमर राय ने कंगना के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ”ये लोग अपना दिमाग और इंसानियत खोते जा रहे हैं। इनके पास तो केवल झूठे बयान देने और मनगढ़ंत बातें बनाने का हुनर है।” एक और यूजर लिखते हैं, ”इस पर 100 करोड़ का मानहानि का केस कर दो। इसे किसी भी हाल में माफ मत करना चाहे यह कितना गिड़गिड़ाए।”
कांग्रेस पर ऑपरेशन सिंदूर को लेकर फर्जी खबरें फैलाने का आरोप
बता दें कि इससे पहले भी कांग्रेस कई मामलों में भाजपा के खिलाफ फेक खबरें फैला चुकी है। भाजपा लगातार यह आरोप लगाती रही है कि कांग्रेस उनकी पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाती है। ऑपरेशन सिंदूर पर गलत खबरें फैलाने पर भाजपा ने राहुल गांधी पर सेना का अपमान करने और उन्हें भारत विरोधी होने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि राहुल पाकिस्तानी एजेंडे पर काम कर रहे हैं।
















