गाजा में जारी युद्ध के बीच इजरायल ने दावा किया है कि उसने हमास की सैन्य शाखा के बड़े कमांडर इज्ज अल-दीन अल-हद्दाद को हवाई हमले में मार दिया है। इजरायली सेना के मुताबिक यह हमला शुक्रवार को गाजा में किया गया, जिसमें अल-हद्दाद समेत कई लोगों की मौत हुई। बाद में हमास ने भी सोशल मीडिया पर उसकी मौत की पुष्टि कर दी।
7 अक्टूबर हमले का मास्टरमाइंड था अल-हद्दाद
इजरायल का कहना है कि अल-हद्दाद उन प्रमुख लोगों में शामिल था जिन्होंने 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए बड़े हमले की योजना बनाई थी। उस हमले में करीब 1,200 लोगों की मौत हुई थी और 250 से ज्यादा लोगों को बंधक बना लिया गया था। इसी घटना के बाद इजरायल और हमास के बीच युद्ध और तेज हो गया था। इजरायली सेना के अनुसार, अल-हद्दाद हमास का बड़ा सैन्य रणनीतिकार था। वह लंबे समय से संगठन की सैन्य गतिविधियों को संभाल रहा था। बताया जा रहा है कि मोहम्मद सिनवार की मौत के बाद उसने हमास की सैन्य जिम्मेदारी अपने हाथ में ले ली थी।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान में बड़ा बदलाव: मुस्लिम मोहल्लों को फिर मिले हिंदू नाम, लाहौर में लौट रही पुरानी पहचान
इजरायल ने आरोप लगाया है कि अल-हद्दाद ने युद्ध के दौरान कई बार इजरायली बंधकों को अपनी सुरक्षा के लिए इस्तेमाल किया। हालांकि हमास की ओर से इस आरोप पर कोई खास प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। इस हमले में अल-हद्दाद के परिवार को भी बड़ा नुकसान हुआ। उसके परिवार वालों के मुताबिक, हमले में उसकी पत्नी और बेटी समेत कुल 7 लोगों की मौत हुई। उसके दो बेटों की मौत पहले ही इस युद्ध में हो चुकी थी। शनिवार को गाजा में उसका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। गाजा में हालात अभी भी बहुत खराब बने हुए हैं। दोनों पक्षों के बीच सीजफायर लागू होने के बावजूद लगातार तनाव बना हुआ है। इजरायल और हमास एक-दूसरे पर सीजफायर तोड़ने के आरोप लगा रहे हैं। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, सीजफायर के बाद भी 850 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। इससे साफ है कि इलाके में शांति अभी दूर नजर आ रही है।

















