चमोली । भगवान केदार के पंचकेदारों में शामिल पवित्र रुद्रनाथ मंदिर के कपाट खुलने से पूर्व भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दी स्थल गोपीनाथ मंदिर से रुद्रनाथ धाम के लिए विधि-विधान के साथ रवाना हुई।
मंदिर समिति की ओर से इस अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री भारत सिंह चौधरी भी शामिल हुए।
सुबह से ही मंदिर परिसर में भगवान रुद्रनाथ की विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए थे।
इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी गौरव सिंघल और पुलिस अधीक्षक सुरजीत पंवार सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गोपीनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान रुद्रनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी भगवान रुद्रनाथ की उत्सव डोली को हक-हकूकधारियों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ रवाना किया गया। कल 18 मई को रुद्रनाथ मंदिर के कपाट विधिवत रूप से आम श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।
















