गोविंदघाट (चमोली) में गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के मैनेजर सरदार सेवा सिंह ने श्री हेमकुंट साहिब के पवित्र मंदिर में आने वाले सभी तीर्थयात्रियों से आपसी सद्भाव, अनुशासन और शांति बनाए रखने की अपील की है। ट्रस्ट की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि 23 मई से शुरू हुई श्री हेमकुंट साहिब यात्रा में अब तक हजारों भक्त आ चुके हैं और बड़ी संख्या में भक्तों का आना जारी है।
कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील
यात्रा के महत्व और मकसद को ध्यान में रखते हुए, सभी भक्तों को श्रद्धा और सम्मान के साथ यात्रा करनी चाहिए और ऐसा कुछ भी नहीं करना चाहिए जिससे धार्मिक मर्यादा को ठेस पहुंचे। यात्रा के दौरान बहस से बचें और कानून व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में सहयोग करें। अपील में कहा गया है कि सिख धर्म में शस्त्रों का महत्व धर्म की रक्षा के लिए है, न कि उनके दुरुपयोग के लिए। इसलिए श्रद्धालु यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से शस्त्र साथ न लाएं। विशेष रूप से यात्रा पर आने वाले छोटे बच्चों को किसी भी प्रकार के शस्त्र साथ रखने से बचाया जाए।
ट्रस्ट की ओर से जारी संदेश में कहा कि उत्तराखण्ड एक शांतिप्रिय राज्य है, जिसकी पहचान देश-दुनिया में देवभूमि के रूप में है। यहां श्री बदरीनाथ धाम, श्री केदारनाथ धाम, मां गंगोत्री, मां यमुनोत्री सहित अनेक पवित्र तीर्थस्थल स्थित हैं। इन्हीं पावन स्थलों में श्री हेमकुंट साहिब का भी विशेष धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि सभी तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सरकार द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। अतः श्रद्धालु यात्रा को पूरी आस्था, श्रद्धा और अनुशासन के साथ संपन्न करें। किसी भी प्रकार के विवाद या समस्या की स्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।















