केरल की राजनीति में एक तरफ जहां कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की जीत का जश्न मनाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर आंतरिक खींचतान और गुटबाजी भी खुलकर सामने आ गई है। प्रियंका गांधी वाड्रा के संसदीय क्षेत्र वायनाड में कांग्रेस पार्टी के दफ्तर और उसके आसपास की दीवारों पर कुछ पोस्टर देखे गए।
इन पोस्टर में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को चेतावनी दी गई है। इस घटना के बाद केरल कांग्रेस के भीतर हड़कंप मच गया है और पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पोस्टर में क्या लिखा था?
यह पूरा विवाद 13 मई को तब शुरू हुआ जब वायनाड में कांग्रेस कमेटी के कार्यालय और उसके आसपास की दीवारों पर अंग्रेजी में लिखे कुछ पोस्टर चिपके हुए मिले। इन पोस्टरों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद केसी वेणुगोपाल को केरल का मुख्यमंत्री बनाने के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया गया था। पोस्टर में गांधी परिवार खासकर राहुल गांधी पर तीखा तंज कसा गया था। एक पोस्टर पर लिखा था, ‘मिस्टर राहुल, केसी (वेणुगोपाल) आपके बैग उठाने वाले हो सकते हैं लेकिन केरल के लोग आपको कभी माफ नहीं करेंगे।’
इसके अलावा एक अन्य पोस्टर में कांग्रेस को उत्तर प्रदेश की ‘अमेठी’ सीट की याद दिलाई गई, जहां 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को भाजपा की स्मृति ईरानी से हार का सामना करना पड़ा था। पोस्टर में लिखा था, ‘मिस्टर राहुल और प्रियंका वायनाड को भूल जाइए। अगर ऐसा फैसला लिया गया तो वायनाड अगला ‘अमेठी’ बन जाएगा। आप दोबारा यहां से कभी नहीं जीत पाएंगे।’ आपको बता दें कि, वर्तमान में वायनाड को गांधी परिवार का सबसे सुरक्षित गढ़ माना जाता है और प्रियंका गांधी खुद यहां से प्रतिनिधित्व करती हैं। पोस्टर सामने आने के तुरंत बाद वायनाड से कांग्रेस विधायक टी सिद्दीकी ने पुलिस स्टेशन में एक आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। कंप्लेंट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति रात के अंधेरे में दीवारों पर ये पोस्टर चिपकाता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस उस व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
सीएम को चुनने में हुई देरी की वजह से हुआ ऐसा?
केरल चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन (UDF) ने 140 में से 102 सीटों पर जीत दर्ज की। जीत के बाद से ही मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सस्पेंस बना हुआ था। सीएम पद की रेस में मुख्य रूप से तीन नाम शामिल थे। पहले वीडी सतीशन, दूसरे केसी वेणुगोपालऔर तीसरे रमेश चेन्निथला। केसी वेणुगोपाल को लेकर दिल्ली से लेकर केरल तक पैरवी की जा रही थी लेकिन स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के एक वर्ग में उनके नाम को लेकर भारी नाराजगी थी जिसका नतीजा वायनाड के इन पोस्टरों के रूप में देखने को मिला। हो सकता है कि किसी नाराज कार्यकर्ता ने ऐसा किया हो, पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
पोस्टर विवाद से पैदा हुए तनाव के बीच 14 मई को कांग्रेस आलाकमान ने केरल के अगले मुख्यमंत्री के नाम का आधिकारिक ऐलान कर दिया। पार्टी ने वीडी सतीशन को केरल का नया मुख्यमंत्री घोषित किया।

















