पंजाब में 5-6 मई की मध्य रात्रि जालंधर व अमृतसर में हुए बम विस्फोटों को लेकर सत्ताधारी आम आदमी पार्टी की देशघाती राजनीति सामने आई है। पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने प्राथामिक जांच के आधार पर इनके पीछे पाकिस्तान का हाथ बताया है तो मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भाजपा को इसके लिए जिम्मेवार ठहराया है और एक तरह से जैसे पाकिस्तान को क्लीन चिट दे दी।
इसके बाद बीजेपी नेता और सांसद राघव चड्ढा की भी प्रतिक्रिया सामने आई। उन्होंने प्रेसकर्मियों से बात करते हुए कहा कि बीते कुछ घंटों में पंजाब दो बम ब्लास्ट हुए हैं- एक जालंधर और दूसरा अमृतसर में। हम इसकी निंदा करते हैं। स्थिति चिंताजनक है, ये बम ब्लास्ट पंजाब की अमन और शांति के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश है।
राघव चड्ढा ने सीएम मान को घेरा
राघव चड्ढा ने कहा कि पंजाब के डीजीपी ने मौके पर जाकर और शुरूआती जांच में ये पाया कि इस वारदात के पीछे पाकिस्तान का हाथ है। दूसरी पंजाब के सीएम बयान दे रहे हैं कि इस वारदात के पीछे पाकिस्तान का हाथ नहीं है बल्कि भाजपा का हाथ है। तो मैं सीधे तौर पर पूछना चाहता हूं कि पंजाब के सीएम पाकिस्तान को क्यों क्लीन चिट देना चाहते हैं और क्या भाजपा से उनकी इतनी दुश्मनी हो गई है कि उन्हें पाकिस्तान की गोद में जाकर बैठना पड़ रहा है। उनका बयान बहुत चिंताजनक है इसे गंभीरता से लेना चाहिए और उनकी ऐसी क्या मजबूरी है कि उन्हें ऐसे बयान देने पड़ रहे हैं..”
भगवंत मान ने भाजपा पर लगाए आरोप
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब में हुए बम धमाकों को लेकर विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने श्री आनंदपुर साहिब से शुकराना यात्रा शुरू करने के दौरान मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि ये धमाके भाजपा की चुनावी तैयारी का हिस्सा है। भगवंत मान ने कहा कि भाजपा चुनाव से पहले लोगों में डर और तनाव का माहौल बनाकर राजनीतिक फायदा लेने की कोशिश करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद भाजपा नेताओं ने खुद कहा था कि अब पंजाब की बारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का तरीका यही रहा है कि जहां चुनाव आते हैं, वहां पहले लोगों को आपस में लड़ाया जाता है और फिर डर का माहौल बनाकर वोट हासिल करने की कोशिश की जाती है।
संबित पात्रा ने क्या कहा?
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा दोहरे बम विस्फोटों के लिए भाजपा को दोषी ठहराए जाने पर कहा, ‘पाकिस्तान और आईएसआईएस हमेशा हमारे सीमावर्ती क्षेत्रों में हिंसा भड़काने की कोशिश करते हैं, लेकिन पंजाब के मुख्यमंत्री का बयान ऐसा है जो पूरे देश को झकझोर देगा।
















