वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में छह वर्षीय मासूम बच्ची को स्कूल से निकलते समय अपहरण कर दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला सामने आया। पुलिस को सूचना मिलते ही टीम सक्रिय हो गई और बच्ची की खोजबीन शुरू कर दी। कुछ ही घंटों में गांव के एक कुएं से बच्ची को बरामद कर लिया गया। आरोपी युवक मोहम्मद ताज को भी पुलिस ने देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने मासूम बच्ची को कुएं में फेंक दिया था।
पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
सोमवार को स्कूल से छुट्टी के बाद पैदल घर लौट रही बच्ची को रास्ते में साइकिल सवार युवक ने बहला-फुसलाकर साइकिल पर बिठा लिया और फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। एडीसीपी लिपि नाग्याच के अनुसार, सोमवार की आधी रात शंकरपुर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका गया। युवक भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला कि उसी क्षेत्र का रहने वाला मोहम्मद ताज नामक युवक ने यह घृणित कार्य करने का प्रयास किया। स्कूल के बाहर से छुट्टी के समय उसने बच्ची को बहला-फुसलाकर साइकिल पर बिठाकर अगवा कर लिया। दुष्कर्म का प्रयास नाकाम होने पर उसने बच्ची को कुएं के पास फेंक दिया और भाग गया। बच्ची के सिर में चोटें आई हैं। बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बच्ची की स्थिति सामान्य होने पर उसे परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।
















