नई दिल्ली । दिल्ली नगर निगम (MCD) में चली लंबी सियासी खींचतान के बाद बुधवार को नए दिल्ली मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव संपन्न हो गया। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने निगम में अपनी बढ़त बनाए रखते हुए दोनों प्रमुख पदों पर कब्जा जमा लिया है। रोहिणी ईस्ट (वार्ड नंबर 53) से बीजेपी पार्षद प्रवेश वाही दिल्ली के नए मेयर चुने गए हैं, वहीं आनंद विहार से पार्षद मोनिका पंत निर्विरोध डिप्टी मेयर निर्वाचित हुई हैं।
मतदान का गणित : कांग्रेस ने दिया साथ, AAP रही नदारद
मेयर पद के लिए हुए मतदान में कुल 165 वोट पड़े। इसमें भाजपा के प्रवेश वाही को 156 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के पार्षदों ने भी मतदान में हिस्सा लिया और उनके खाते में 9 वोट आए। इस चुनाव की सबसे बड़ी बात यह रही कि आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षद सदन की बैठक से अनुपस्थित रहे, जिसके चलते मुकाबला एकतरफा हो गया।
स्वाति मालीवाल ने AAP को घेरा : “लोकतंत्र पर भरोसा रखें केजरीवाल”
चुनाव के दौरान हाल ही में भाजपा में शामिल हुईं राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “हार के डर से उम्मीदवार न उतारना लोकतंत्र के खिलाफ है। अरविंद केजरीवाल को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में विश्वास रखना चाहिए।” मालीवाल ने आगे कहा कि पिछले कुछ समय से दिल्ली नगर निगम की स्थिति दयनीय हो गई थी, लेकिन अब एमसीडी और सरकार को तालमेल बिठाकर काम करने की जरूरत है।
ट्रिपल इंजन सरकार का दावा
भाजपा विधायक रविंद्र सिंह नेगी ने ‘आप’ पर तंज कसते हुए कहा कि बहुमत न होने के कारण केजरीवाल की पार्टी ने मैदान छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अब “ट्रिपल इंजन” की सरकार है जो विकास को नई गति देगी।
गौरतलब है कि दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) तरणजीत सिंह संधू ने निवर्तमान मेयर राजा इकबाल सिंह को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया था, जिनकी देखरेख में यह पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
















