बद्रीनगरी : सनातन के सर्वोच्च तीर्थस्थल माने जाते श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट आज खुल गए। अगले करीब छ माह तक श्रद्धालु भगवान बद्री यानि जगन्नाथ विष्णु जी के दर्शन कर सकेंगे। करीब छ बजे विधिविधान के साथ भगवान बद्री धाम के नंबूदरी रावल द्वारा विधि विधान, शंख ध्वनि के उद्घोष के साथ कपाट खोले गए। बहुगुणा पाठियों के मंत्रोच्चारण के बीच भगवान बद्री विशाल के श्रृंगार के बाद पूजा हुई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से प्रथम पूजा करवाई और उन्होंने देश दुनिया में सुख शांति समृद्धि की कामना, भगवान बद्री विशाल से की। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, बद्री केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी भी मौजूद रहे। द्वार खुलने के समय हजारों की संख्या में देश विदेश से आए सनातनी लोगों ने भगवान बद्री विशाल का जयघोष किया।
गढ़वाल राइफल्स सेना के बैंड ने परपंरा के अनुसार, भक्ति संगीत से वातावरण भाव विभोर कर दिया। मुख्यमंत्री धामी ने उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच तुलसी पुष्प प्रसाद की वर्षा की। श्री धामी ने तीर्थ यात्रियों से बातचीत कर उनसे बद्रीनाथ यात्रा का फीड बैक भी लिया। इस अवसर पर डीएम गौरव सिंघल, एसपी सुरजीत पंवार भी मौजूद रहे।

















