दिल्ली-एनसीआर में झुलसाती गर्मी के बीच शुक्रवार का दिन लोगों के लिए राहत की ठंडी फुहार लेकर आया। सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था, लेकिन दोपहर के बाद मौसम ने अचानक करवट ली और माहौल सुहावना हो गया। आसमान में घिरे बादल, हल्की बारिश और चलती ठंडी हवाओं ने न सिर्फ तापमान में गिरावट लाई, बल्कि लोगों को भीषण गर्मी से अस्थायी राहत भी दिलाई। यह बदलाव भले ही कुछ समय के लिए था, लेकिन तपती गर्मी के बीच यह किसी राहत भरे तोहफे से कम नहीं लगा।
दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश से मौसम ठंडा- शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में मौसम का मिजाज तेजी से बदला। जहां एक ओर सुबह तक गर्मी अपने चरम पर थी, वहीं दोपहर बाद अचानक बादल छा गए और हल्की बारिश शुरू हो गई। इससे तापमान में थोड़ी कमी आई और लोगों ने राहत की सांस ली। खासकर फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिला। यहां पहले तेज धूल भरी आंधी चली, जिससे कुछ समय के लिए दृश्यता काफी कम हो गई। इसके बाद हल्की बारिश ने वातावरण को ठंडा करने के साथ-साथ हवा को भी कुछ हद तक साफ किया।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का यू-टर्न- हालांकि, धूल भरी हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं भी सामने आईं। मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया था और गरज के साथ बारिश की संभावना जताई थी, जो सही साबित हुई। मौसम विभाग के अनुसार, यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक है, जबकि अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान और पड़ोसी पाकिस्तान के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम के कारण यह बदलाव आया है। आने वाले दिनों में तापमान फिर से 41-42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और लू चलने की संभावना बनी रहेगी, जिससे लोगों को एक बार फिर गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।











-120x86.jpg)





