नई दिल्ली में आज से BRICS शिखर सम्मेलन की शुरुआत हो रही है। भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक चलने वाले इस बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, विदेशी प्रतिनिधिमंडल और वरिष्ठ गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। ऐसे में राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है। VVIP काफिलों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली के कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन और अस्थायी प्रतिबंध लगाए गए हैं। ऐसे में दिल्लीवासियों के लिए यह जानना जरूरी है कि आज शहर में क्या बंद रहेगा और किन सेवाओं पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।
सभी स्कूल रहेंगे बंद
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के आदेश के अनुसार, शुक्रवार 11 सितंबर को दिल्ली के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूल बंद रहेंगे। माना जा रहा है कि सप्ताहांत के बाद सोमवार 14 सितंबर से स्कूल अपने सामान्य समय पर खुल जाएंगे। BRICS सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली सरकार के कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में भी 11 सितंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसका उद्देश्य VVIP मूवमेंट के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है। दिल्ली में सभी बैंक और निजी कार्यालय सामान्य रूप से खुले रहेंगे। हालांकि, मध्य दिल्ली और VVIP रूट वाले इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना है। कंपनियां कर्मचारियों को जरूरत के अनुसार वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दे सकती हैं।
मेट्रो सेवा रहेगी जारी
BRICS सम्मेलन का दिल्ली मेट्रो सेवा पर बड़ा असर नहीं पड़ेगा। मेट्रो सामान्य रूप से चलती रहेगी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर स्थित दिल्ली मेट्रो म्यूजियम 11 से 13 सितंबर तक बंद रहेगा।
कनॉट प्लेस में दुकानें और रेस्त्रां खुले
कनॉट प्लेस भी सम्मेलन के दौरान खुला रहेगा। यहां दुकानें, रेस्त्रां और कैफे सामान्य रूप से संचालित होंगे। व्यापारियों ने लोगों से ट्रैफिक एडवाइजरी को ध्यान में रखते हुए खरीदारी और खान-पान के लिए आने की अपील की है। VIP काफिलों की सुरक्षित आवाजाही के लिए दिल्ली पुलिस ने करीब 4,800 ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की है। मथुरा रोड, सरदार पटेल मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंबा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, नीति मार्ग और एपीजे अब्दुल कलाम रोड समेत 35 से अधिक प्रमुख सड़कों पर जरूरत के मुताबिक यातायात प्रभावित हो सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की ताजा स्थिति जरूर जांच लें और संभव हो तो प्रभावित मार्गों से बचते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं।
















