TCS के नासिक स्थित BPO सेंटर में सामने आया कथित धर्म परिवर्तन और यौन उत्पीड़न का मामला अब काफी गंभीर हो गया है। इस केस में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं और जांच एजेंसियां अब खास तौर पर HR मैनेजर निदा खान की तलाश में जुटी हैं, जो फिलहाल फरार बताई जा रही हैं।
कर्मचारियों के अनुसार, निदा खान का ऑफिस में काफी दबदबा था और लोग उसे “दबंग मैम” के नाम से जानते थे। आरोप है कि वह सिर्फ HR का काम नहीं देखती थीं, बल्कि उन लोगों का भी साथ देती थीं जिन पर महिला कर्मचारियों के साथ गलत व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। एफआईआर में कुछ महिला कर्मचारियों ने बताया कि उन पर इस्लाम से जुड़ी चीजें अपनाने का दबाव डाला जाता था। जैसे- इस्लामी तरीके से कपड़े पहनना, बुर्का पहनना, नमाज पढ़ना और कुछ खास खान-पान अपनाना। कई लोगों का कहना है कि यह सलाह नहीं, बल्कि जबरदस्ती जैसा लगता था। एक मामले में तो एक कर्मचारी को टोपी पहनाकर नमाज पढ़वाई गई और उसकी फोटो भी ली गई।
इसके अलावा, यौन उत्पीड़न के भी गंभीर आरोप सामने आए हैं। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि उन्हें गलत नजर से देखा जाता था, छुआ जाता था और निजी जिंदगी को लेकर गलत बातें की जाती थीं। विरोध करने पर उन्हें और परेशान किया जाता था। कुछ मामलों में शादी का झांसा देकर संबंध बनाने की बात भी सामने आई है। पुलिस को शक है कि यह सब एक संगठित तरीके से किया जा रहा था। कुछ आरोपी एक ग्रुप बनाकर काम कर रहे थे और व्हाट्सऐप के जरिए लोगों को निशाना बनाते थे। अब तक पुलिस 8 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन निदा खान अभी भी फरार हैं। मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) बनाई गई है और दूसरी एजेंसियों से भी मदद ली जा रही है। कंपनी ने भी इस मामले को गंभीर बताया है और कहा है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

















