Nashik TCS Case Nida Khan: टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के नासिक यूनिट से जुड़े मंतातरण और यौन उत्पीड़न मामले की मुख्य आरोपी निदा खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पिछले महीने से ही पुलिस की कई टीमें निदा खान की तलाश कर रही थीं। पुलिस ने निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार किया है। निदा खान यहां पांच दिनों से छिपी हुई थी। उसे AIMIM पार्षद मतीन पटेल ने अपने घर में छिपाकर रखा हुआ था। वह पुलिस को 25 दिनों से चकमा दे रही थी। निदा खान की गिरफ्तारी की ‘इनसाइड स्टोरी’ पढ़िये।
25 दिनों से पुलिस को चकमा दे रही थी निदा खान
निदा खान 25 दिनों से पुलिस को चकमा दे रही थी। हिंदू लड़कियों को ऑफिस में बुर्का पहनाने और मतांतरण के लिए प्रेरित करने, उन्हें जबरन यौन उत्पीड़न की ओर धकेलने वाली कुख्यात निदा खान की तलाश में पुलिस ने कई जगह छापामारी की और तलाशी अभियान भी चलाया। लेकिन वह हर बार बच निकलकी थी। आखिर में नासिक पुलिस ने एक ऐसा जाल बिछाया जिससे बचना निदा खान के लिए नामुमकिन हो गया। आखिर में 7 मई को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

20 पुलिसकर्मियों ने सादी वर्दी में बिछाया जाल
पुलिस ने निदा खान को गिरफ्तार करने के लिए अपनी खाकी वर्दी और पुलिस जीप को छोड़ दिया। इसकी जगह साधारण लोगों की तरफ वेशभूषा अपना ली। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि निदा खान छत्रपति संभाजीनगर के नारेगांव इलाके में स्थित ‘कैसर कॉलोनी’ के एक किराए के फ्लैट में छिपी हुई है। पुलिस ने चार दिनों तक उसकी निगरानी की। वह AIMIM पार्षद मतीन पटेल के घर पर छिपकर बैठी थी लेकिन बाहर पुलिस उसके लिए जाल बिछाए हुए थी। नासिक क्राइम ब्रांच की टीम के 20 पुलिसवाले सादी वर्दी में उस पर नजर रख रहे थे।
निदा खान का AIMIM से क्या कनेक्शन?
सवाल उठ रहा है कि निदा खान का ओवैसी की पार्टी AIMIM से क्या कनेक्शन है? आखिर क्यों AIMIM पार्टी के पार्षद ने उसे अपने घर में छिपाकर रखा हुआ था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या AIMIM पार्षद सिर्फ उसे पनाह देने तक सीमित था या फिर इस साजिश में उसका भी कोई हाथ है। इस घटना के बाद से यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर क्यों AIMIM पार्टी के पार्षद ने निदा खान को अपने घर छिपाने के लिए कानून हाथ में लिया?
पुलिस ने AIMIM पार्षद मतीन पटेल को आधिकारिक नोटिस जारी कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक फरार आरोपी को जानते-बूझते हुए संरक्षण देना कानूनन गंभीर अपराध है। अब पुलिस इस मामले में AIMIM पार्षद मतीन पटेल से भी पूछताछ करेगी।
वकीलों से कानूनी सलाह ले रही थी निदा खान
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, निदा खान छत्रपति संभाजीनगर के कुछ वकीलों से कानूनी सलाह ले रही थी। हाई कोर्ट में जमानत याचिका दायर करने की तैयारियां भी चल रही थीं। लेकिन इससे पहले कि याचिका दायर हो पाती पुलिस ने अचानक छापा मारा और उसे हिरासत में ले लिया। निदा खान को गुरुवार देर रात सुतगिरनी चौक स्थित न्यायिक अधिकारी के सरकारी आवास पर जज के सामने पेश किया गया। नासिक पुलिस ने निदा खान पर ट्रांजिट रिमांड हासिल की और आगे की जांच के लिए उसे एक विशेष वाहन में बैठाकर नासिक रवाना हो गए।
TCS मतांतरण और यौन उत्पीड़न की मुख्य आरोपी है निदा खान
निदा खान पर IT कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के नासिक ऑफिस में कई हिंदू कर्मचारियों को जबरदस्ती मतांतरण के लिए मजबूर करने का आरोप है। वह यहां 2021 से प्रोसेस एसोसिएट के तौर पर काम कर रही थी। कंपनी ने पिछले महीने उसे सस्पेंड कर दिया है।
हिंदू लड़कियों को ऑफिस में बुर्का पहनना सिखाती थी निदा खान
निदा खान की छवि ऑफिस में दबंग की थी। सब उससे डरते थे। वह दफ्तर में महिलाओं को इस्लामी परंपरा के मुताबिक कपड़े पहनने सिखाती थी। निदा खान हिंदू लड़कियों को बुर्का पहनने के लिए मजबूर करती थी। उसकी भूमिका कंपनी में सिर्फ एक कर्मचारी तक ही सीमित नहीं थी। वह उन आरोपी टीम लीडर्स के साथ खड़ी रहती थी जिन पर कर्मचारियों पर जबरन मतांतरण और यौन उत्पीड़न के लिए दबाव बनाने का आरोप है। वह हिंदू कर्मचारियों पर बुर्का पहनने और इस्लाम के कस्टम अपनाने का दबाव डालती थी। उसके प्रभाव के कारण लोग उससे डरते थे। वह जबरन वहां काम करने वाले हिंदू कर्मचारियों को मुस्लिम बनाने का काम कर रही थी।














