Employees’ Provident Fund Organisation (EPFO) ने अपने सदस्यों के लिए एक बड़ा और राहत देने वाला बदलाव किया है। अब पीएफ (Provident Fund) से जुड़ी एक आम समस्या“डेट ऑफ एग्जिट” अपडेट करना पहले से काफी आसान हो गया है। पहले यह काम कर्मचारियों के लिए मुश्किल बन जाता था, खासकर तब जब कंपनी समय पर यह जानकारी अपडेट नहीं करती थी।
पहले क्या समस्या थी- जब कोई कर्मचारी नौकरी छोड़ता था, तो उसकी “डेट ऑफ एग्जिट” कंपनी द्वारा EPFO पोर्टल पर डाली जाती थी। कई बार कंपनियां इसमें देरी कर देती थीं या इसे अपडेट ही नहीं करती थीं। इसका नुकसान सीधे कर्मचारी को होता था। वह न तो अपना पीएफ पैसा निकाल पाता था और न ही नई नौकरी में ट्रांसफर कर पाता था। इसके लिए लोगों को बार-बार HR के पास जाना पड़ता था, जिससे समय और मेहनत दोनों बर्बाद होते थे। अब EPFO ने इस प्रक्रिया को ऑनलाइन और सरल बना दिया है। कर्मचारी खुद अपने मोबाइल या कंप्यूटर से EPFO के Member Unified Portal पर जाकर “डेट ऑफ एग्जिट” अपडेट कर सकते हैं। इससे किसी कंपनी या HR पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं रहती।
यह भी पढ़ें- PF क्लेम में बड़ा बदलाव, EPFO 3.0 से कितने दिन में आएगा पैसा?
कैसे करें अपडेट- सबसे पहले EPFO पोर्टल पर अपने UAN और पासवर्ड से लॉगिन करें। फिर “View” सेक्शन में जाकर “Service History” देखें। अगर किसी कंपनी के सामने “Date of Exit” नहीं दिख रही है, तो “Manage” में जाकर “Mark Exit” विकल्प चुनें। वहाँ अपनी नौकरी छोड़ने की सही तारीख और कारण भरें। इसके बाद OTP डालकर फॉर्म सबमिट कर दें। “Date of Exit” अपडेट करना बहुत जरूरी है। इसके बिना आप अपना PF पैसा न तो निकाल सकते हैं और न ही उसे ट्रांसफर कर सकते हैं। इसलिए इसे समय पर अपडेट करना जरूरी है। नौकरी छोड़ने के तुरंत बाद अपडेट न करें, कम से कम 60 दिन का इंतजार करें। साथ ही, आपकी एग्जिट डेट नई नौकरी की जॉइनिंग डेट से पहले होनी चाहिए। सही जानकारी भरने से आपका काम बिना किसी परेशानी के पूरा हो जाएगा।

















