उत्तर प्रदेश के नोएडा के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने वहां लोगों से मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाने को कहा। उन्होंने कहा कि असल उद्घाटन तो जनता ने ही किया है, मैंने तो सिर्फ पर्दा हटाया है। प्रधानमंत्री ने जेवर एयरपोर्ट आम लोगों की अमानत करार दिया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बताया जा रहा है। इसके लिए 24 साल इंतजार करना पड़ा। पीएम मोदी ने इसके लिए एविएशन सेक्टर, किसानों, युवाओं और विकास को लेकर अपनी विजन रखी। उन्होंने पुरानी सरकारों पर भी तंज कसा और न्यू इंडिया के तेज विकास की बात की।
किसानों को धन्यवाद
पीएम मोदी ने किसानों का खास तौर पर शुक्रिया अदा किया। उन्होंने बताया कि गन्ने से बने इथेनॉल की वजह से देश ने करीब 4.5 करोड़ बैरल क्रूड ऑयल का आयात कम किया है। इससे विदेशी मुद्रा की बचत हुई है और किसानों की आय भी बढ़ी है।
आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम
उन्होंने कहा कि पहले देश में एयरक्राफ्ट की मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल (MRO) की 85 प्रतिशत सुविधाएं विदेश में होती थीं। अब यहां MRO सुविधा विकसित की जा रही है ताकि भारत खुद इस काम को संभाल सके और आत्मनिर्भर बने।
UDAN योजना का असर
UDAN स्कीम के तहत अब तक 1.6 करोड़ लोगों ने हवाई सफर किया है। सरकार ने इस योजना के लिए 29 हजार करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। 2014 में देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, जो अब 120 से ज्यादा हो गए हैं। इससे छोटे शहरों और गांवों तक हवाई कनेक्टिविटी बढ़ी है।
दादरी बनेगा लॉजिस्टिक्स हब
पीएम मोदी ने बताया कि दादरी को दो बड़े फ्रेट कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। इससे किसानों और व्यापारियों का सामान आसानी से दुनिया भर में पहुंच सकेगा। दादरी लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित होगा।युवाओं के लिए रोजगारएयरपोर्ट और इससे जुड़े प्रोजेक्ट्स से बड़ी संख्या में युवाओं को नौकरियां मिलेंगी। उत्तर प्रदेश अब सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाला राज्य बन गया है।
हर दो मिनट में फ्लाइट
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जल्द ही हर दो मिनट में एक फ्लाइट का लक्ष्य रखा गया है। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी। पीएम मोदी ने पुरानी सरकारों की उस सोच की आलोचना भी की जिसमें नोएडा को लेकर तरह-तरह की अंधश्रद्धाएं थीं। उन्होंने कहा कि अब न्यू इंडिया में विकास की नई राहें खुल रही हैं। इस एयरपोर्ट के जरिए उत्तर प्रदेश और पूरे देश की इंफ्रास्ट्रक्चर तस्वीर बदलेगी।

















