अगर आप इस हफ्ते बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करने की सोच रहे हैं, तो बैंक जाने से पहले छुट्टियों की जानकारी जरूर देख लें। कई बार लोगों को बैंक बंद होने की जानकारी नहीं होती और उन्हें बेवजह परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस सप्ताह भी देश के अलग-अलग राज्यों में त्योहारों और साप्ताहिक अवकाश के कारण सरकारी और प्राइवेट बैंक कुछ दिनों के लिए बंद रहने वाले हैं।
दरअसल हर साल भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) पूरे साल की बैंक छुट्टियों की सूची जारी करता है। इसी सूची के आधार पर अलग-अलग राज्यों में त्योहारों, स्थानीय आयोजनों और साप्ताहिक छुट्टियों के अनुसार बैंक बंद रहते हैं। इसलिए जरूरी है कि लोग पहले से जानकारी लेकर ही बैंक से जुड़े काम की योजना बनाएं।
17 मार्च को जम्मू और श्रीनगर में बैंक बंद रहेंगे। इन दोनों शहरों में रहने वाले लोगों को सलाह दी जाती है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग काम एक दिन पहले ही निपटा लें, ताकि बाद में किसी तरह की दिक्कत न हो। इसके बाद 19 मार्च, गुरुवार को देश के कई हिस्सों में बड़े त्योहार मनाए जाएंगे। इसी दिन से नवरात्रि का शुभ पर्व शुरू हो रहा है, जिसे पूरे देश में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है। इसके अलावा गुड़ी पड़वा, तेलुगू नव वर्ष औजैसे त्योहार भी इसी दिन मनाए जाएंगे। इन त्योहारों के कारण महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना, गोवा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर में बैंक बंद रहेंगे।
हालांकि इस सप्ताह शनिवार को बैंक खुले रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों के अनुसार हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक बंद रहते हैं, जबकि तीसरे शनिवार को बैंक सामान्य रूप से खुले रहते हैं। 21 मार्च इस महीने का तीसरा शनिवार है, इसलिए इस दिन देशभर में बैंकिंग सेवाएं जारी रहेंगी। अगर आपके इलाके में किसी दिन बैंक बंद है तो घबराने की जरूरत नहीं है। आज के समय में कई बैंकिंग सेवाएं ऑनलाइन भी उपलब्ध हैं। लोग इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग ऐप और एटीएम के जरिए पैसे ट्रांसफर करना, बैलेंस चेक करना, बिल भरना या पैसे निकालना जैसे कई काम आसानी से कर सकते हैं। फिर भी कुछ जरूरी काम ऐसे होते हैं जिनके लिए बैंक शाखा में जाना जरूरी होता है, जैसे केवाईसी अपडेट कराना या बड़े दस्तावेज जमा करना। इसलिए बेहतर यही है कि पहले से बैंक की छुट्टियों की जानकारी ले ली जाए और उसी के अनुसार अपने काम की योजना बनाई जाए।











