नई दिल्ली : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया, लेकिन इसे ध्वनि मत से खारिज कर दिया गया। इस प्रस्ताव पर लोकसभा में दो दिन तक बहस हुई। बहस के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा स्पीकर का समर्थन किया और विपक्ष पर हमला किया। प्रस्ताव खारिज होने के बाद ओम बिरला अब भी लोकसभा के अध्यक्ष बने रहेंगे।
अविश्वास प्रस्ताव पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जवाब दिया। उन्होंने राहुल गांधी की अनुपस्थिति पर बात करते हुए कहा कि जब भी संसद में गंभीर चर्चा होती है, नेता प्रतिपक्ष अक्सर विदेश यात्रा पर चले जाते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि शायद उन्हें भारत के लोकतंत्र में बोलने से ज्यादा विदेश में बोलना पसंद है। शाह ने कांग्रेस नेता शशि थरूर की ओर इशारा करते हुए कहा कि उन्हें अपने नेता को संसद के नियम और शिष्टाचार सिखाना चाहिए।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी हाज़िरी (अटेंडेंस) पिछली तीन लोकसभाओं में राष्ट्रीय औसत से कम रही। 17वीं लोकसभा में उनकी हाज़िरी 51% थी, जबकि राष्ट्रीय औसत 66% था। 16वीं लोकसभा में 52% थी, राष्ट्रीय औसत 80% था। 15वीं लोकसभा में 43% थी, राष्ट्रीय औसत 76% था।
शाह ने कुछ सदस्यों की शिकायतों पर भी बात की, कि उन्हें माइक्रोफोन की दिक्कत की वजह से बोलने नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि जो भी नियमों का पालन नहीं करेगा या सदन में अनुशासन नहीं बनाए रखेगा, उसका माइक्रोफोन बंद कर दिया जाएगा। संसद की कार्यवाही इसी तरह चलनी चाहिए।

















