लखनऊ । पायलट की सूझबूझ से एक अनहोनी टल गई। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जिस हेलीकॉप्टर से कौशांबी जा रहे थे। उसमें उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आ गई। हेलिकाप्टर में धुआं भर गया। पायलट ने तुरंत लखनऊ एयरपोर्ट पर हेलिकाप्टर की आपात लैंडिंग कराई।
उड़ान भरने के कुछ देर बाद हेलीकॉप्टर में भरने लगा धुआं
बताया जा रहा है कि उनके हेलीकॉप्टर में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी आ गई। हेलीकॉप्टर में धुआं भरता देख कर पायलट ने एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करा दी और उप मुख्यमंत्री को सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतारा। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को पार्टी पदाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करने के लिए कौशांबी जाना था।
दूसरे हेलीकॉप्टर से कौशांबी पहुंचे उप मुख्यमंत्री
एयरपोर्ट पर उतरने के बाद दूसरे हेलिकाप्टर से उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कौशांबी पहुंचे। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई थी और हमें वापस लौटना पड़ा। फिर हमने दूसरा हेलीकॉप्टर लिया और अब यहां पहुंचे हैं।

















