काठमांडू (हि.स.) । मध्यपूर्व में बढ़ते तनाव का असर त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (टीआईए) के संचालन पर भी पड़ा है, जिसके कारण सैकड़ों यात्री फंसे हुए हैं।
खाड़ी देशों में हवाई अड्डों के संचालन निलंबित होने से उड़ानें रद्द
खाड़ी क्षेत्र के कई हवाई अड्डों शारजाह, दोहा, दुबई, कुवैत सिटी, अबू धाबी और दमाम में संचालन निलंबित होने के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसके परिणामस्वरूप रविवार को काठमांडू से प्रस्थान और आगमन करने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गईं।
शनिवार से हवाई अड्डे पर फंसे यात्री, टर्मिनल में इंतजार
शनिवार से ही यात्री हवाई अड्डे पर फंसे हुए हैं और रविवार सुबह कई यात्रियों को असमंजस की स्थिति में प्रतीक्षा करते देखा गया। टर्मिनल परिसर में विभिन्न स्थानों पर उड़ान रद्द होने की सूचनाएं चस्पा की गई हैं।
कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस की उड़ानें अगले आदेश तक रद्द
त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से जारी सूचना के अनुसार अगले आदेश तक कतर एयरवेज, फ्लाई दुबई, एमिरेट्स, कुवैत एयरवेज, एयर अरेबिया सहित नेपाल से खाड़ी देशों में जाने वाले हिमालयन एयरलाइंस और नेपाल एयरलाइंस की उड़ाने भी रद्द की गई है।

















