इस हफ्ते सोने और चांदी की कीमतों में अच्छी बढ़त देखने को मिली। दुनिया भर में चल रही राजनीतिक अनिश्चितताओं और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर घरेलू सर्राफा बाजार पर भी साफ दिखाई दिया। इसी वजह से निवेशकों ने सोने को सुरक्षित निवेश के रूप में चुना, जिससे इसकी मांग बढ़ गई और कीमतों में तेजी आई।
सोने-चांदी की कीमतों में बढ़त
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने में हल्की तेजी देखी गई। जून डिलीवरी वाला सोना 0.04 प्रतिशत बढ़कर 1,52,589 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं चांदी ने ज्यादा मजबूत प्रदर्शन किया। जुलाई डिलीवरी वाली चांदी 1.34 प्रतिशत यानी 3,459 रुपये की बढ़त के साथ 2,61,999 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती नजर आई। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के अनुसार भी इस हफ्ते सोने की कीमतों में बढ़त दर्ज की गई। 999 शुद्धता वाला सोना शुक्रवार को 1,51,078 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। जबकि सोमवार को इसकी कीमत 1,48,357 रुपये थी। यानी पूरे हफ्ते में सोना 2,721 रुपये महंगा हो गया। यह दिखाता है कि बाजार में सोने की मांग लगातार बनी हुई है, हालांकि बीच-बीच में हल्की गिरावट और बढ़त भी देखने को मिली।
चांदी के मामले में तेजी और ज्यादा मजबूत रही। IBJA के अनुसार 999 प्योरिटी वाली चांदी शुक्रवार को 2,55,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि सोमवार को इसका भाव 2,44,237 रुपये था। इस तरह एक ही हफ्ते में चांदी 11,363 रुपये महंगी हो गई। इसका कारण औद्योगिक मांग और निवेश दोनों को माना जा रहा है।















