मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू क्षेत्र में कराटे क्लास से शुरू हुई एक दोस्ती कथित तौर पर गंभीर आपराधिक मामले में बदली हुई निकली है। युवती की शिकायत के अनुसार, एक कराटे ट्रेनर ने फर्जी नाम और पहचान के सहारे भरोसा जीता, शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए और बाद में कथित रूप से अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। आरोपित लगातार धर्म परिवर्तन का दबाव डाल रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।
दोस्ती से विश्वास, फिर धोखे का आरोप
महू क्षेत्र की रहने वाली युवती ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वर्ष 2020 में वह पढ़ाई के दौरान डॉ. अंबेडकर विश्वविद्यालय, इंदौर से संबद्ध कार्यक्रमों के बीच महू स्थित कराटे क्लास जाया करती थी। वहीं एक युवक, जिसने अपना नाम “करणसिंह” बताया, उससे बातचीत करने लगा। समय के साथ दोनों में नजदीकियां बढ़ीं। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर 14 जनवरी 2024 को घर में अकेले होने का फायदा उठाकर शारीरिक संबंध स्थापित किए। इसके बाद भी वह शादी का वादा दोहराता रहा।
बेल्ट ग्रेडिंग में खुला राज
मामले ने तब नया मोड़ लिया जब कराटे क्लास के बेल्ट ग्रेडिंग कार्यक्रम में “जावेद” नाम पुकारे जाने पर वही युवक प्रमाण-पत्र लेने पहुंचा। युवती को शक हुआ और पूछताछ करने पर उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसका असली नाम जावेद अख्तर है और वह महू की हैदराबादी बस्ती का निवासी है। युवती का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकाया और कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
सोशल मीडिया से ब्लैकमेल का आरोप
शिकायत में यह भी आरोप है कि दूरी बनाने की कोशिश करने पर आरोपी ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर तस्वीरों को एडिट किया और कथित रूप से अश्लील फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए। युवती का कहना है कि ये सामग्री उसके रिश्तेदारों और परिचितों तक भेजी गई, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची और वह मानसिक रूप से प्रताड़ित होती रही। इसके बाद हाल ही में 26 फरवरी 2026 को स्थानीय पुराने एबी रोड स्थित खड़े हनुमान मंदिर के पास आरोपी ने कथित तौर पर युवती का हाथ पकड़कर उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश की।इस दौरान मौके पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति अनिमेश चौरसिया ने बीच-बचाव किया तो आरोपी ने कथित रूप से उन्हें भी गालियां और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के अनुसार, उसने धर्म परिवर्तन की धमकी भी दी। घटना के बाद युवती ने परिजनों और परिचितों को जानकारी दी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, युवती के बयान के आधार पर दुष्कर्म, धोखाधड़ी, धमकी, आईटी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को बीते दिन देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जांच निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी। आपको बतादें कि पिछले दो वर्षों में मध्य प्रदेश में तथाकथित ‘लव जिहाद’ से जुड़े मामलों ने राजनीतिक, सामाजिक और कानूनी स्तर पर व्यापक बहस को जन्म दिया है। राज्य के प्रमुख शहरों में दर्ज हुए कई प्रकरणों ने यह संकेत दिया कि प्रेम संबंधों, पहचान छिपाने, जबरन धर्म परिवर्तन के आरोपों और डिजिटल ब्लैकमेल जैसे तत्व इन मामलों में बार-बार सामने आ रहे हैं।
भोपाल-इंदौर में धर्म परिवर्तन और शादी के झांसे के मामले बढे
राजधानी भोपाल में 2024 और 2025 के दौरान कई ऐसे प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें युवतियों ने आरोप लगाया कि उनसे पहले दोस्ती की गई, फिर शादी का झांसा दिया गया और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। कुछ मामलों में सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क स्थापित करने और फर्जी नाम से पहचान छिपाने की शिकायतें भी सामने आईं। इंदौर, जो राज्य का सबसे बड़ा वाणिज्यिक केंद्र है, वहां भी पिछले दो वर्षों में कई चर्चित मामले सामने आए। कुछ मामलों में आरोप था कि युवतियों को कोचिंग संस्थानों, जिम या कार्यस्थल के माध्यम से संपर्क में लाकर संबंध बनाए गए और बाद में निजी तस्वीरों या वीडियो के जरिए ब्लैकमेल किया गया। एक मामले में अदालत ने कठोर सजा भी सुनाई, जिसे राज्य में इस प्रकार के मामलों में महत्वपूर्ण निर्णय के रूप में देखा गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इंदौर जिले में धार्मिक स्वतंत्रता कानून के तहत दर्ज मामलों की संख्या अन्य जिलों की तुलना में अधिक रही है, हालांकि इनमें से अनेक प्रकरण अभी न्यायालय में लंबित हैं।
उज्जैन में सोशल मीडिया आधारित पहचान छिपाने से जुड़े आरोप प्रमुख रहे। कुछ शिकायतों में कहा गया कि फर्जी नाम और प्रोफाइल के माध्यम से युवतियों से संपर्क किया गया, विश्वास जीतने के बाद संबंध बनाए गए और विरोध करने पर धमकियां दी गईं। इन मामलों ने स्थानीय स्तर पर आक्रोश पैदा किया और पुलिस ने आईटी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की। ऐसे ही प्रदेश के अन्य कई शहरों से लगातार लव जिहाद के प्रकरण सामने आ रहे हैं। अधिकांश मामलों में नाम छिपाकर हिन्दू नाम से पहचान बना युवतियों के साथ धोखा देना सामने आया है।

















