गुजरात में कच्छ जिले के एक स्कूल में कक्षा छह के हिंदू छात्र को नमाज पढ़वाने का मामला सामने आया है। विश्व हिंदू परिषद ने हिंदू छात्र को नमाज पढ़वाने पर आपत्ति जताई है। वहीं, शिक्षा अधिकारी ने इस मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन किया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यहां ऐसा क्यों हुआ और किन लोगों ने छात्र को नमाज पढ़वाई।
हिंदू छात्र को साथ में पढ़ने वाले मुस्लिम लड़के ने नमाज पढ़ाई
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कक्षा छह के हिंदू छात्र को उसी के साथ पढ़ने वाले मुस्लिम लड़के ने नमाज पढ़वाई। इसके बारे में जब हिंदू छात्र ने अपने माता-पिता को बताया तो उन्होंंने इसका जानकारी अपने पड़ोसियों को दी, जो हिन्दूतत्व निष्ठ संगठनों से जुड़े हुए थे। हिंदू संगठन ने इस घटना पर आपत्ति जताई है।
उनका कहना है शिक्षा के मंदिर में जहां पढ़ाई होनी चाहिए, वहां जबरन हिंदू छात्र को नमाज पढ़ाई गई। VHP ने कच्छ पुलिस स्टेशन में इसकी शिकायत दर्ज की है। जिलाधिकारी और शिक्षा अधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने इस मामले पर उचित कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है। दूसरी ओर कक्षा में जिस शिक्षक की ड्यूटी थी, उसे निलंबित करने की मांग की जा रही है।
स्कूल में हनुमान चालीसा लाने पर छात्र को थप्पड़ मारा
बीते हफ्ते कच्छ जिले के सेंट जेवियर्स स्कूल की मुस्लिम शिक्षिका पर कक्षा छह के छात्र से हनुमान चालीसा छीनकर फेंकने और उसे थप्पड़ मारने का आरोप लगा। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी वायरल हुआ। वीडियो में क्लास टीचर हनुमान चालीसा का अपमान करते और छात्र को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों ने इसका विरोध शुरू किया, जिसके बाद पूरी कक्षा में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

















