महाराष्ट्र के नासिक से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां पाथर्डी फाटा इलाके में हसीना शेख (45) ने अपने प्रेमी साहिल शेख (23) और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर लिव इन पार्टनर वसंत गोरखनाथ सतपुते (40) की हत्या कर दी। हसीना करीब 15 साल से वसंत के साथ रह रही थी। पुलिस को संदेह है कि हसीना की जिंदगी में साहिल के आने के बाद उसके और वसंत के रिश्ते में तनाव बढ़ गया था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान 5-6 अगस्त की रात आरोपियों ने वसंत गोरखनाथ सतपुते का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
महिला ने सबूत मिटाने के लिए हत्या के बाद शव को करीब 18 घंटे तक घर में रखा और फिर आधी रात को कार से ले जाकर कसारा घाट में फेंक दिया। एक ट्रक चालक की शिकायत के बाद नासिक के इंदिरा नगर पुलिस थाने में हसीना हबीब शेख समेत चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। नासिक क्राइम ब्रांच ने शव बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। सभी को छह दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है।
15 साल से पति-पत्नी की तरह रह रहे थे
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वसंत सतपुते और हसीना शेख पिछले 15 वर्षों से पाथर्डी फाटा इलाके के स्वराज्य नगर स्थित एक रो हाउस में लिव-इन रिलेशनशिप में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वसंत के बेरोजगार होने के कारण हसीना उसका खर्च उठा रही थी। इसी बीच उसकी जिंदगी में साहिल नाम का एक शख्स आया। इसके बाद हसीना ओर वसंत के रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा और दोनों के बीच आए दिन झगड़े होने लगे। पुलिस ने बताया कि 5 अगस्त की शाम को जब वसंत घर पर सो रहा था, तभी हसीना का प्रेमी उससे मिलने के लिए वहां पहुंचा। उसी समय वसंत की नींद खुल गई। साहिल को घर में देखने के बाद दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। देखते ही देखते वसंत और साहिल के बीच हाथापाई होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में साहिल ने वसंत का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस को संदेह है कि हसीना ने इस घटना को रोकने की कोशिश नहीं की और बाद में साहिल के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाने व सबूत मिटाने की साजिश रची।
18 घंटे तक घर में रखा शव, फिर कसारा घाट में फेंका
जांच कर रहे अधिकारियों के अनुसार, हत्या के बाद शव को तुरंत ठिकाने नहीं लगाया गया। हसीना ने शव को करीब 18 घंटे तक घर में ही रखा। इसके बाद आधी रात को कार से शव को कसारा घाट ले जाकर वहां फेंक दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश कब और कैसे रची गई थी? इसमें अन्य आरोपियों की क्या भूमिका है?
ट्रक ड्राइवर की शिकायत के बाद हुआ खुलासा
बताया जा रहा है कि 16 अगस्त को एक ट्रक ड्राइवर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसके बाद नासिक क्राइम ब्रांच यूनिट-1 की टीम ने जांच तेज कर दी। तकनीकी जांच, उपलब्ध जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कसारा घाट इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान घाटी से एक शव बरामद हुआ। शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने पुष्टि की कि वह वसंत गोरखनाथ सतपुते का है।
हसीना और साहिल समेत चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में हसीना हबीब शेख, उसके प्रेमी साहिल और मोइन शाह समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस हत्या की वजह, साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और शव को ठिकाने लगाने के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

















