देशभर के करोड़ों किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (पीएम किसान योजना) एक बड़ी राहत है। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन किस्तों में दी जाती है। हर चार महीने में 2,000 रुपये सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजे जाते हैं। ऐसे में जैसे-जैसे 22वीं किस्त का समय नजदीक आ रहा है, किसानों के मन में यही सवाल है कि होली के बाद यह रकम कब मिलेगी? इस बार त्योहार के मौसम को देखते हुए किसानों को उम्मीद थी कि होली से पहले ही पैसा खाते में आ जाएगा, ताकि वे त्योहार की तैयारियां आसानी से कर सकें। हालांकि, अब तक सरकार की ओर से 22वीं किस्त की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है। मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों की मानें तो यह किस्त मार्च 2026 के पहले या दूसरे सप्ताह में जारी की जा सकती है। यानी होली के बाद किसानों के खाते में 2,000 रुपये आने की पूरी संभावना है।
क्यों अटकी हुई है 22वीं किस्त- दरअसल, सरकार ने हाल के महीनों में योजना में पारदर्शिता लाने और सिर्फ पात्र किसानों को ही लाभ देने के उद्देश्य से लाभार्थियों की दोबारा जांच शुरू की है। इस जांच के दौरान कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें नियमों का उल्लंघन पाया गया। इसी वजह से लाखों किसानों के नाम लाभार्थी सूची से हटा दिए गए हैं। सरकार चाहती है कि योजना का पैसा सही व्यक्ति तक पहुंचे, इसलिए दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। इसी प्रक्रिया के चलते किस्त जारी होने में थोड़ा विलंब हो सकता है।
किन कारणों से किसानों के नाम सूची से हटाए गए- जिन किसानों की जमीन 1 फरवरी 2019 के बाद उनके नाम पर दर्ज हुई है, उनके दस्तावेजों की दोबारा जांच की जा रही है। पात्रता का मुख्य आधार जमीन का रिकॉर्ड ही होता है। योजना के नियमों के अनुसार, एक परिवार (पति, पत्नी और नाबालिग बच्चे) में सिर्फ एक ही व्यक्ति को इस योजना का लाभ मिल सकता है। अगर पति और पत्नी दोनों इस योजना का लाभ ले रहे थे, तो ऐसे मामलों में भुगतान रोक दिया गया है। इनकम टैक्स भरने वाले, सरकारी कर्मचारी, ज्यादा पेंशन पाने वाले रिटायर्ड कर्मचारी, डॉक्टर, इंजीनियर, वकील जैसे पेशेवर और जिनके पास खेती योग्य जमीन नहीं है, वे इस योजना के पात्र नहीं हैं। जांच में ऐसे कई लोग पाए गए, जिन्हें सूची से हटा दिया गया। अगर आप चाहते हैं कि आपकी 22वीं किस्त बिना किसी रुकावट के सीधे आपके खाते में पहुंचे, तो समय रहते अपने दस्तावेजों और स्टेटस की जांच जरूर कर लें। इसके लिए नीचे दी गई बातों पर खास ध्यान दें-
आपका आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक होना चाहिए। आपकी ई-केवाईसी (e-KYC) पूरी होनी चाहिए। बैंक खाते की जानकारी सही और अपडेटेड होनी चाहिए। जमीन का रिकॉर्ड सही तरीके से अपडेट होना चाहिए। मोबाइल नंबर सही दर्ज होना चाहिए, ताकि किसी भी सूचना से आप वंचित न रहें। इनमें से किसी भी जानकारी में कमी होने पर आपकी किस्त अटक सकती है। किसान भाई-बहन घर बैठे बहुत आसानी से अपना स्टेटस ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। इसके लिए नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करें-
सबसे पहले पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं। होम पेज पर Farmers Corner सेक्शन में जाकर Beneficiary Status पर क्लिक करें। यहां अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या मोबाइल नंबर दर्ज करें। कैप्चा भरकर Get Data पर क्लिक करें। स्क्रीन पर आपकी पूरी जानकारी दिख जाएगी। यहां यह जरूर देखें कि e-KYC और Land Seeding का स्टेटस YES है या नहीं। इसके अलावा, आप Beneficiary List में जाकर अपने राज्य, जिला, ब्लॉक और गांव का चयन करके भी अपना नाम चेक कर सकते हैं। किसानों को चाहिए कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर भरोसा न करें और केवल सरकारी वेबसाइट या आधिकारिक घोषणाओं से ही जानकारी लें। अगर किसी दस्तावेज में कमी हो, तो नजदीकी CSC सेंटर या कृषि विभाग के कार्यालय में जाकर उसे जल्द से जल्द ठीक करवा लें।











