देश के करोड़ों किसान भाई-बहन इस समय प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) की 22वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर वर्ष 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो तीन बराबर किस्तों में 2000-2000 रुपये सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है।
अब तक इस योजना की 21 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। पिछली यानी 21वीं किस्त 19 नवंबर को किसानों के खातों में भेजी गई थी। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि 22वीं किस्त फरवरी के अंतिम सप्ताह, खासकर 24 फरवरी के आसपास जारी की जा सकती है। हालांकि सरकार की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन पिछले वर्षों के पैटर्न को देखते हुए यही संभावना जताई जा रही है। पिछले वर्षों में देखा गया है कि सरकार लगभग हर चार महीने में एक किस्त जारी करती है। पिछले साल भी 24 फरवरी को 19वीं किस्त जारी की गई थी। इसी आधार पर इस बार भी फरवरी के आखिरी सप्ताह में भुगतान होने की उम्मीद है।
हालांकि, कुछ किसानों को इस किस्त का लाभ नहीं मिल पाएगा। जिन किसानों ने e-KYC नहीं करवाई है, उनकी किस्त अटक सकती है। इसके अलावा जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है, या जिनके बैंक खाते से आधार और मोबाइल नंबर लिंक नहीं हैं, उन्हें भी भुगतान में परेशानी हो सकती है। e-KYC कराने की प्रक्रिया बेहद आसान है। किसान पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आधार नंबर और मोबाइल OTP के जरिए ऑनलाइन e-KYC पूरी कर सकते हैं। सत्यापन पूरा होने के बाद कन्फर्मेशन मैसेज भी प्राप्त होता है।
फार्मर आईडी बनवाना भी अनिवार्य कर दिया गया है। इसके लिए किसान AgriStack पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या फिर नजदीकी कृषि कार्यालय और सरकारी कैंप में जाकर ऑफलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। साथ ही, किसानों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनका बैंक खाता आधार से लिंक हो, मोबाइल नंबर अपडेट हो और खाते में कोई तकनीकी समस्या न हो। किसी भी प्रकार की गलती होने पर किस्त का भुगतान रुक सकता है। इसलिए समय रहते सभी जरूरी अपडेट करवा लेना बेहद जरूरी है।














