देहरादून: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के परम पूज्य सर संघचालक डॉ मोहन भागवत 22 और 23 फरवरी को राजधानी में प्रवास पर रहेंगे। डॉ भागवत के देहरादून में दो बड़े कार्यक्रम रखे गए हैं। सरसंघचालक डॉ भागवत 22 फरवरी को प्रमुखजन गोष्ठी को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के लिए राजधानी देहरादून के प्रबुद्ध नागरिकों को डिजिटल निमंत्रण भेजा गया है।
इनमें डॉक्टर्स, सेवानिवृत-वर्तमान प्रशासनिक अधिकारी, खिलाड़ी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रमुख लोग शामिल हैं। डॉ भागवत की जेड प्लस सुरक्षा को देखते हुए बिना डिजिटल निमंत्रण के प्रवेश निषेध किया गया है। नींबूवाला स्थित हिमालयन कल्चर सेंटर सभागार में ये कार्यक्रम दोपहर 2 बजे आयोजित किया गया है।
पूर्व सैनिकों के साथ भी है गोष्ठी
अगले दिन इसी सभागार में पूर्व सैनिकों के साथ डॉ भागवत का गोष्ठी कार्यक्रम है जिसके लिए व्यापक तैयारियां की गई है। उल्लेखनीय है कि आरएसएस के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सरसंघ चालक डॉ मोहन भागवत जी देश के प्रमुख नगरों में प्रवास कर गोष्ठियां, संवाद कार्यक्रमों के जरिए संघ के राष्ट्रहित विचारों को नागरिकों तक पहुंचा रहे हैं। जिनमें नागरिक कर्तव्य सामाजिक समरसता, स्वदेशी, कुटुंब प्रबोधन और पर्यावरण विषय पर नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है।















