मनोज बाजपेई की फिल्म “घूसखोरी पंडित” के बाद अब “यादव जी की लव स्टोरी” का मामला विवादित हो गया है। यादव समाज के आक्रोशित लोगों ने थाने पर पहुंचकर शिकायत की है। तहरीर के आधार पर संभल जनपद के धनारी थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इस फिल्म को 27 फरवरी को रिलीज होना बताया जा रहा है।
फिल्म के ट्रेलर से यादव समाज आहत, शिकायत दर्ज
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले घूसखोर पंडित को लेकर के विवाद हुआ था। इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। अब इसी तरह 27 फरवरी को रिलीज होने वाली फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” को लेकर भी विवाद उत्पन्न हो गया है। शिकायत कर्ता अरविंद कुमार का आरोप है कि फिल्म के विज्ञापन और ट्रेलर को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि फिल्म में यादव जाति के लोगों को बहुत ही अपमानजनक तरीके से चित्रित किया गया है। फिल्म के संवाद और कुछ दृश्य ऐसे हैं जिसमें यादव जाति के लोगों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। तहरीर में कहा गया है कि व्यावसायिक लाभ के लिए पूरी जाति को गलत तरीके से दर्शाया गया है और उसकी छवि को धूमिल किया गया है।
पुलिस ने निर्माता निर्देशक संदीप तोमर, अंकित भड़ाना मुख्य अभिनेत्री प्रगति तिवारी और अभिनेता विशाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। विवेचना की जा रही है और डिजिटल साक्ष्यों को भी संकलित किया जा रहा है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

















