उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के बीरभानपुर गांव में गुरुवार रात लूट के आरोपी को गिरफ्तार करने गई एसओजी टीम और पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए तथा कई पुलिस वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सिकरारा थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर) उदय प्रताप सिंह एसओजी टीम के साथ रात करीब साढ़े नौ बजे बक्शा थाना क्षेत्र के बीरभानपुर गांव में लूट के मामले में फरार आरोपी पंकज गौतम को पकड़ने पहुंचे थे। आरोपी पंकज के दादा की तेरहवीं शुक्रवार को होने के कारण परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घर पर मौजूद थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि फरार पंकज भी घर आया हुआ है।
पुलिस के घर पहुंचते ही ग्रामीणों ने एसओजी टीम और पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। हमले में एसओजी के सिपाहियों के अलावा सिकरारा थाने के उपनिरीक्षक विनोद सिंह घायल हो गए।
बवाल बढ़ता देख सूचना पर बक्शा थानाध्यक्ष सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने हमले की सूचना पर पहुंचे बक्शा थानाध्यक्ष के वाहन सहित कई पुलिस वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना के बाद गांव में पुलिस ने घेराबंदी कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

















