आज के डिजिटल युग में मोबाइल से QR कोड स्कैन कर पेमेंट करना हमारी रोज़मर्रा की ज़िंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। सब्जी खरीदने से लेकर चाय पीने, पार्किंग फीस देने या किसी छोटे स्टॉल से सामान लेने तक- हर जगह बस फोन निकाला, QR स्कैन किया और भुगतान कर दिया। कैश रखने की जरूरत अब लगभग खत्म हो गई है। इस सुविधा ने जीवन को आसान जरूर बनाया है, लेकिन इसके साथ ही साइबर ठगी के मामले भी तेजी से बढ़े हैं। हाल के दिनों में देश के कई शहरों से ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां QR कोड स्कैन करते ही लोगों के बैंक अकाउंट से पैसे उड़ गए। स्कैमर्स इस तकनीक का गलत फायदा उठाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। अधिकतर लोग जल्दबाजी में या जानकारी की कमी के कारण इन जालसाजों के झांसे में आ जाते हैं।
कैसे होता है QR कोड स्कैम- आमतौर पर स्कैमर्स भीड़भाड़ वाली जगहों पर लगे असली QR स्टिकर को हटाकर वहां अपना नकली QR कोड चिपका देते हैं। देखने में दोनों बिल्कुल एक जैसे लगते हैं, जिससे आम आदमी आसानी से धोखा खा जाता है। जल्दी में लोग बिना जांच-पड़ताल किए उस QR कोड को स्कैन कर देते हैं। स्कैन करते ही कई बार स्क्रीन पर सीधे UPI पिन डालने या पेमेंट कन्फर्म करने का विकल्प आ जाता है। लोग यह सोचकर पिन डाल देते हैं कि शायद यही नया तरीका है, लेकिन कुछ ही सेकंड में उनके खाते से पैसे कट जाते हैं। कुछ मामलों में QR कोड नकली वेबसाइट या फर्जी ऐप पर ले जाता है, जिससे फोन में वायरस या मैलवेयर भी आ सकता है। इससे न सिर्फ पैसे का नुकसान होता है, बल्कि आपकी निजी जानकारी भी खतरे में पड़ जाती है।
यह भी पढ़ें- UPI New Rules: बदल गया UPI ट्रांजैक्शन का तरीका! फरवरी से लागू हुए नए नियम, जानिए क्या बदला?
किन जगहों पर ज्यादा होता है यह फ्रॉड- स्कैमर्स खासतौर पर छोटी रकम वाली जगहों जैसे पार्किंग, पब्लिक टॉयलेट, चाय-नाश्ते की दुकानों और छोटे ठेलों को निशाना बनाते हैं। यहां लोग सोचते हैं कि थोड़े से पैसे ही देने हैं और बिना ज्यादा सोचे QR स्कैन कर देते हैं, जो बाद में भारी नुकसान का कारण बनता है। खुद को कैसे सुरक्षित रखें-
अनजान नंबर से आए लिंक या QR कोड पर क्लिक न करें। QR स्कैन करने से पहले दुकानदार का नाम जरूर जांच लें। अपना UPI पिन, OTP या पासवर्ड किसी को न बताएं। अगर किसी तरह का साइबर फ्रॉड हो जाए तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
















