मुजफ्फरनगर जनपद में पुलिस ने साधु के वेश में घूमने वाले छः मुस्लिम युवकों को गिरफ्तार किया है। ये युवक साधु के वेश में घूमकर महिलाओं का हाथ देखकर भविष्य बताते थे। इन युवकों के कब्जे से हिंदू नाम के फर्जी आधार कार्ड भी बरामद किए गए हैं। ये युवक, लोगों को भ्रमित करने के लिए अपने पास पूजा पाठ की सामग्री भी रखे हुए थे।
सख्ती से पूछताछ में सामने आई असली पहचान
पुलिस ने ठगी करने वाले गिरोह के युवकों को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की तब युवकों ने अपनी असली पहचान बताई। पुलिस ने ठगी करने वाले शकील, शौकीन, इकबाल, सजील, अय्यूब, हनीश को गिरफ्तार किया।
ग्रामीणों की सतर्कता से पुलिस को मिली सूचना
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि थाना ककरौली पुलिस को सूचना मिली कि उस इलाके में हिंदू साधुओं के वेश में संदिग्ध मुस्लिम युवक घूम रहे हैं। इसी दौरान ग्रामीणों ने साधु के वेश में घूमते हुए एक मुस्लिम युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा।
फर्जी आधार कार्ड और हिंदू नामों का खुलासा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि इन युवकों के कब्जे से हिंदू नाम व पता लिखे हुए छह फर्जी आधार कार्ड बरामद हुए। फर्जी आधार कार्डों में इन युवकों का पता मीरापुर क्षेत्र के कुतुबपुर गांव का लिखा हुआ है। इन लोगों का हिंदू नाम राजवीर, सत्या, रामू, रमेश, सादी, कालू लिखा हुआ है।
किराए के कमरे से संचालित हो रही थी ठगी की गतिविधियां
ये सभी युवक मीरापुर के कुतुबपुर गांव में किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे। इसी गांव से गतिविधियों को संचालित कर रहे थे। अभियुक्त, गांव की महिलाओं का हाथ देखकर भविष्य बता कर ठगी कर रहे थे।

















