यूपी एसटीएफ को अग्निवीर (भारतीय सेना) में भर्ती कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले अन्तर्राज्यीय गिरोह के 2 सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। एसटीएफ ने अभियुक्तों को थाना सदर बाजार, जनपद मेरठ से गिरफ्तार किया।
गिरोह द्वारा ठगी का तरीका
भारतीय सेना में भर्ती कराने के नाम पर अनुचित लाभ कमाने के उद्देश्य से अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले गिरोह की जानकारी मिलने पर एसटीएफ ने विशेष टीम गठित की। टीम को सूचना मिली कि नरेश कुमार, निवासी मुजफ्फरनगर, अभ्यर्थियों से अग्निवीर में भर्ती कराने के नाम पर ठगी करता है और कुछ लड़कों का मेडिकल कराने के लिए अपने सहयोगी के साथ आर्मी अस्पताल, मेरठ कैण्ट के पास आने वाला है।
मेरठ कैण्ट में गिरफ्तारी
सूचना पर उप निरीक्षक अरुण कुमार निगम और उप निरीक्षक प्रमोद कुमार के नेतृत्व में एसटीएफ टीम ने आर्मी अस्पताल के पास कार में बैठे नरेश कुमार और सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से 2 भारतीय सेना भर्ती एडमिट कार्ड की रंगीन छायाप्रति, 1 मार्कशीट, 2 हस्तलिखित अभ्यर्थियों से संबंधित पृष्ठ, 2 भारतीय सेना की कूटरचित रबर स्टाम्प, 2 मोबाइल फोन, 1 आधार कार्ड और 1 आल्टो कार (UP 12 AQ-7905) बरामद हुई।
अभियुक्तों पर दर्ज मामला
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना सदर बाजार, जनपद मेरठ पर मु०अ०सं० 249/2025 धारा 318(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2)(क) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया गया। यह कार्रवाई एसटीएफ की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिणाम है।
















