उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद के पिपराइच थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय नीट अभ्यर्थी दीपक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि पशु तस्करों और दीपक के बीच हुए विवाद के बाद यह घटना घटी।
पशु तस्करों से विवाद के बाद हत्या
जानकारी के मुताबिक, पिपराइच थाना अंतर्गत जंगल दूषण गांव में पशु तस्कर खूंटे से बंधे मवेशियों को खोलकर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। दीपक ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिस पर विवाद बढ़ गया और पथराव भी शुरू हो गया।
पशु तस्करों ने उठाया, कुछ दूरी पर मिला शव
आरोप है कि पशु तस्कर दीपक को अपनी गाड़ी में बैठा कर ले गए। थोड़ी देर बाद 4 किलोमीटर दूर सरैया गांव में दीपक का शव मिला। परिजनों का आरोप है कि उसे गोली मारकर हत्या की गई। हालांकि पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में गोली चलने के सबूत नहीं मिले हैं और सिर पर चोट लगने से मौत हुई है।
पुलिस अलर्ट, चौकी के पुलिसकर्मी निलंबित
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। तनाव को देखते हुए अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अमिताभ यश खुद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अभियुक्तों की तलाश के लिए कई जगह दबिश दी है। लापरवाही के आरोप में पिपराइच थाना क्षेत्र की जंगल दूषण चौकी के सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

















