नई दिल्ली: गुजरात के अहमदाबाद में बुधवार को करीब 10 निजी स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने स्कूलों में पहुंचकर जांच शुरू की लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस अधिकारियों ने इस धमकी को फर्जी बताया है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?
ईमेल भेजने वाले ने खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी से जुड़ा बताया
पुलिस का कहना है कि धमकी भरे ईमेल में बुधवार सुबह इन स्कूलों में बम धमाके करने का दावा किया गया था। ईमेल भेजने वाले ने खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी से जुड़ा बताया था। धमकी मिलने के बाद पुलिस के साथ बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और एंटी-सैबोटाज टीमों को स्कूलों में भेजा गया। हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला।
पुलिस का कहना है कि ईमेल में दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 1 नवंबर और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 21 नवंबर को बम धमाके करने की धमकी भी दी गई थी। इन दोनों तारीखों पर यहां गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट होने हैं। ईमेल में लोगों को इन कार्यक्रमों में शामिल न होने की चेतावनी भी दी गई थी। पुलिस अब ईमेल भेजने वाले व्यक्ति के पहचान की जांच कर रही है।

















