श्रीनगर (हि.स.) । राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पिछले साल नवंबर में भंडाफोड़ किए गए ‘सफेदपोश’ आतंकी मॉड्यूल के सिलसिले में शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में सरकारी मेडिकल कॉलेज में तलाशी ली।
डॉक्टर के लॉकर से राइफल बरामदगी से जुड़ा मामला
अधिकारियों ने कहा कि एनआईए अधिकारियों की एक टीम जीएमसी अनंतनाग पहुंची और तलाशी ली। यह तलाशी पिछले साल नवंबर में एक डॉक्टर के लॉकर से राइफल की बरामदगी के संबंध में थी।
आतंकी मॉड्यूल जांच में गिरफ्तार हो चुके हैं कई आरोपी
डॉ. अदील अहमद राथर उन नौ लोगों में शामिल थे, जिन्हें आतंकी मॉड्यूल की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था, जिसके कारण राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के फरीदाबाद से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुए थे।
तलाशी अभियान जारी
अधिकारियों ने बताया कि इस बीच पुलवामा जिले के कोइल करेवा इलाके में सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि अब तक कोई गिरफ्तारी या बरामदगी नहीं हुई है।

















