नई दिल्ली (हि.स.) । राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में गुरुवार को कहा कि विश्व में जो चुनौतियां पैदा हो रही हैं, भारत उनका समाधान दे रहा है। प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान सदन में विपक्ष का हंगामा जारी रहा और कुछ देर बाद विपक्षी सदस्य बहिर्गमन कर गए।
राज्यसभा में विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच मोदी ने कहा, “विश्व में जो चुनौतियां पैदा हो रही हैं, भारत उनका समाधान दे रहा है। आज भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। आज कोई भी सेक्टर हो सबमें भारत आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। आज दुनिया संभल नहीं पा रही है। साफ नजर आ रहा है कि दुनिया नए ऑर्डर की तरफ बढ़ रही है। खुशी की बात है सारी घटनाओं का झुकाव भारत की तरफ है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी के प्रथम 25 साल पूरे हो चुके हैं। दूसरे 25 साल विकसित भारत की दिशा में सामर्थ्यवान होने वाला है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय में 9 बड़े देशों के साथ हमारे समझौते हुए हैं। यूरोपीय संघ के साथ ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ हुई है। विपक्ष को जवाब देना पड़ेगा कि देश की ऐसी हालत कैसे बनाई कि कोई देश हमसे समझौते करने को आगे नहीं आता था। ये देश ऐसे ही भारत के साथ समझौते नहीं कर रहे हैं। मैं गुजरात में वाइब्रेट गुजरात समिट करता था, जिसका साझेदार देश जापान हुआ करता था।
पीएम मोदी के भाषण के दौरान विपक्षी सदस्यों ने जोरदार नारेबाजी जारी रखी। सभापति ने उनसे शांत रहने और अपनी सीटों पर लौटने का अनुरोध किया। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने सभापति को कहा कि उम्र को देखते हुए नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अपनी सीट से ही नारेबाजी जारी रख सकते हैं। नारों के बीच अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति ने भारत के उज्ज्वल भविष्य पर भरोसा जताया है और सभी क्षेत्रों के विकास का आश्वासन दिया है।

















