भुवनेश्वर। ओडिशा के विभिन्न जिलों में पुलिस द्वारा गौ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। केन्दुझर पुलिस द्वारा विभिन्न जिलों में गौ तस्करों के खिलाफ एक साथ कार्रवाई के बाद राउरकेला पुलिस ने भी इस दिशा में कदम बढ़ाया है। सुंदरगढ़ जिले के बिसरा थाना क्षेत्र के गुडगुड़जोरे इलाके में गो-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राउरकेला पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने कुख्यात गो-तस्कर मोजमिल अंसारी को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी सहित कुल चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।
आरोपियों के कब्जे से तीन देसी आग्नेयास्त्र और एक नकली पिस्तौल बरामद की गई है। इस संबंध में बिसरा थाना परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जोन-2 के डीएसपी जितेंद्रनाथ सेठी ने जानकारी दी। इस अवसर पर बिसरा थाना प्रभारी मनोरंजन कुम्भार और बंधमुंडा थाना प्रभारी रंजन नायक भी उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में गुडगुड़जोरे इलाके के मोजमिल अंसारी (33), समीर अंसारी (34), हसन अंसारी (50) और आमना कॉलोनी निवासी एस. गुलाब (48) शामिल हैं। इनके कब्जे से तीन देसी बंदूकें, चार कारतूस, एक नकली बंदूक, एक स्कॉर्पियो कार, दो मोटरसाइकिलें, एक ऑटो, एक भुजाली, एक चाकू, एक लोहे की रॉड और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि गुडगुड़जोरे निवासी मोजमिल अंसारी अपने घर में अवैध हथियार रखता है और सहयोगियों के साथ हथियारों की डील करने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अचानक छापेमारी कर मोजमिल को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके घर से एक देसी रिवॉल्वर और दो कारतूस बरामद किए गए। आगे की पूछताछ में उसके तीन सहयोगियों—समीर, हसन और गुलाब—के बारे में जानकारी मिली, जो अवैध हथियारों के कारोबार में उसकी मदद कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने उनके घरों पर भी छापेमारी की। समीर के घर से एक एयर गन और आमना कॉलोनी निवासी एस. गुलाब के घर से एक नकली बंदूक बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, मोजमिल अंसारी और उसके तीनों सहयोगी गो-तस्करी, जमीन के अवैध कारोबार और हथियारों की तस्करी में संलिप्त हैं। मोजमिल और समीर कुख्यात गो-माफिया हैं और बिसरा तथा पड़ोसी झारखंड राज्य में गो-तस्करी में लिप्त रहे हैं। पुलिस ने दिनभर आरोपियों के आवासों पर छापेमारी की, जहां से गो-तस्करी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा चारों आरोपियों से मोटरसाइकिल, एक कार और एक ऑटो-रिक्शा सहित कई वाहन भी जब्त किए गए। राउरकेला के पुलिस अधीक्षक नितेश वाधवानी ने बताया, “हथियारों की तस्करी और अन्य अंतर-राज्यीय अपराधों में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये आरोपी गो-तस्करी में भी सक्रिय रूप से शामिल थे। उनके आवासों पर व्यापक छापेमारी के दौरान दो आग्नेयास्त्र, कई एयर गन और गो-वध से संबंधित उपकरण बरामद किए गए हैं। इस अपराध में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
उल्लेखनीय है कि मोजमिल और समीर आपस में साले-बहनोई हैं और पिछले आठ वर्षों से गो-तस्करी में सक्रिय हैं। वहीं, हसन अंसारी और एस. गुलाब जमीन माफिया बताए जाते हैं। कुछ वर्ष पहले सभी के संपर्क में आने के बाद वे जमीन और हथियारों के अवैध कारोबार में शामिल हो गए थे। रिकॉर्ड के अनुसार, मोजमिल के खिलाफ पहले से चार मामले दर्ज हैं, जबकि गुलाब पर दो और समीर व हसन पर एक-एक मामला दर्ज है।

















