नई दिल्ली। अमेरिका ने भारत के लिए टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। इस बात की जानकारी पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस बात की पुष्टि की। इससे पहले ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर इंडिया गेट की तस्वीर भी डाली थी और कहा था कि अमेरिका में भारत से बड़ा विजय स्मारक बनाएंगे।
टैरिफ घटाए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा कि आज मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत खुशी हुई। मुझे यह जानकर बेहद प्रसन्नता है कि ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर अब टैरिफ घटाकर 18% कर दिया गया है। इस शानदार घोषणा के लिए भारत के 140 करोड़ लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप का बहुत-बहुत धन्यवाद।
पीएम मोदी ने कहा कि जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र मिलकर काम करते हैं, तो इससे हमारे लोगों को लाभ होता है और पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग के अपार अवसर खुलते हैं। वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत शांति के उनके प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है। मैं अपनी साझेदारी को अभूतपूर्व ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने के प्रति आशान्वित हूँ।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से व्यापार, रूस-यूक्रेन युद्ध और ऊर्जा सहयोग समेत कई मुद्दों पर चर्चा की।
















