कर्णावती । गुजरात ATS ने बैन आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और अल कायदा की कट्टरपंथी सोच से प्रभावित आतंकी फैजान शेख को गिरफ्तार किया है। आतंकी से पूछताछ में यह भी पता चला है कि उसने हथियार हासिल किए थे।
गुजरात ATS ने आतंकी फैजान शेख को गिरफ्तार किया है। गुजरात ATS ने दो दिन पहले नवसारी के चारपुल इलाके से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया था। इस युवक की पहचान फैजान शेख के तौर पर हुई, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रामपुर का रहने वाला है और फिलहाल नवसारी में रह रहा था। फैजान से पूछताछ में जो खुलासे हुए, वे चौंकाने वाले थे।
आतंकी संगठनों की सोच से प्रभावित
फैजान से पूछताछ में पता चला कि वह बैन आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और अल-कायदा की कट्टरपंथी सोच से प्रभावित था। ऑनलाइन मीडिया और दूसरे तरीकों से कट्टरपंथी बनने के बाद, उसने समाज में डर फैलाने और अफरा-तफरी मचाने के मकसद से एक खास ग्रुप के लोगों को टारगेट किया। फैजान ने गैर-कानूनी तरीके से हथियार भी हासिल किए थे।
आतंकी वारदात को अंजाम देने आए फैजान ने गैर-कानूनी तरीके से हथियार भी हासिल किए थे। उससे पूछताछ चल रही है ताकि पता चल सके कि उसे ये हथियार कहां से और किससे मिले। फैजान के पास से गैर-कानूनी हथियार और विस्फोटक भी बरामद हुए हैं। पुलिस को शक है कि वह राज्य में सेंसिटिव जगहों पर हमला करने की प्लानिंग कर रहा था।
जैश-ए-मोहम्मद ग्रुप से जुड़ा था
फैजान पिछले चार साल से नवसारी में रह रहा था और टेलर का काम करता था। वह जैश-ए-मोहम्मद ग्रुप से जुड़ा था। वह इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर एक ग्रुप चला रहा था। उसने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ बोलने वाले लोगों को टारगेट करना शुरू कर दिया था। इसके लिए उसने एक लिस्ट भी तैयार की थी। हालांकि, आरोपी ने अभी तक किसी पर हमला नहीं किया है।
आतंकी मसूद अजहर को फॉलो कर रहा था फैजान
फैजान शेख से पूछताछ में पता चला है कि वह आतंकी मसूद अजहर को फॉलो कर रहा था। वह सोशल मीडिया पर पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ बोलने वालों को मारने का प्लान बनाता था और उन्हें अपने ग्रुप में भेजता था। वह पैगंबर के खिलाफ बयान देने वालों का ऑनलाइन डेटा इकट्ठा करता था। अबू बकर नाम का एक शख्स आतंकी फैजान के संपर्क में था, जिसके बारे में पुलिस जांच कर रही है।
ATS को 12 दिन के रिमांड मिले
ATS को फैजान शेख को 12 दिन के रिमांड पर लिया है ताकि उसके आतंकियों से कनेक्शन और खासकर उसे मिल रही फाइनेंशियल मदद के सोर्स के बारे में जानकारी मिल सके। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने नवसारी समेत पूरे दक्षिण गुजरात में निगरानी बढ़ा दी है।

















