पश्चिम बंगाल के मालदा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाएं जमीन पर लागू नहीं हो पा रही हैं, क्योंकि टीएमसी सरकार गरीबों के लिए भेजी गई राशि को लूटने में लगी हुई है।
पीएम मोदी ने टीएमसी को “असंवेदनशील और निर्दयी” बताते हुए कहा कि गरीबों का हक छीना जा रहा है।
केंद्र की योजनाओं का लाभ गरीबों तक नहीं पहुंच रहा
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका सपना है कि बंगाल का हर गरीब परिवार पक्के घर में रहे, पात्र लोगों को मुफ्त राशन मिले और केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई सभी योजनाओं का पूरा लाभ जनता तक पहुंचे। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। पीएम मोदी के मुताबिक, टीएमसी सरकार केंद्र से आने वाले फंड का दुरुपयोग कर रही है और इसका सीधा नुकसान आम जनता को उठाना पड़ रहा है।
घुसपैठ पर जताई चिंता
पीएम मोदी ने अवैध घुसपैठ को पश्चिम बंगाल के सामने एक बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने विकसित देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि दुनिया के कई समृद्ध देश, जहां संसाधनों की कमी नहीं है, वहां भी घुसपैठियों को हटाया जा रहा है। ऐसे में पश्चिम बंगाल से अवैध घुसपैठियों को बाहर निकालना बेहद जरूरी है। हालांकि उन्होंने किसी देश का नाम नहीं लिया, लेकिन संकेत साफ थे कि यह मुद्दा राष्ट्रीय सुरक्षा और संसाधनों से जुड़ा है।
पूर्वी भारत में बीजेपी की बढ़ती ताकत का दावा
प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्वी भारत लंबे समय तक विभाजनकारी राजनीति करने वालों के कब्जे में रहा, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। उन्होंने ओडिशा, त्रिपुरा, असम और बिहार में भाजपा की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि इन राज्यों ने बीजेपी पर भरोसा जताया है। ओडिशा में पहली बार भाजपा सरकार बनी, त्रिपुरा ने लगातार पार्टी पर विश्वास किया, असम में हालिया चुनावों में समर्थन मिला और बिहार ने फिर से बीजेपी-एनडीए को चुना।
अब बंगाल की बारी, सुशासन का वादा
पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि अब पश्चिम बंगाल में भी सुशासन की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में जीत के बाद उन्होंने कहा था कि मां गंगा के आशीर्वाद से विकास की धारा बंगाल में भी बहेगी और भाजपा इसे संभव बनाकर दिखाएगी। उन्होंने आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का भरोसा जताया।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
इससे पहले पीएम मोदी ने मालदा से भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन हावड़ा-गुवाहाटी (कामाख्या) रूट पर चलेगी, जिससे पूर्वोत्तर भारत की कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। इसे केंद्र सरकार के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का अहम कदम माना जा रहा है।
असम दौरे की तैयारी, बोडो संस्कृति का उत्सव
मालदा कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री असम के दौरे पर जाने वाले हैं, जहां वे बोडो समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समर्पित ऐतिहासिक आयोजन ‘बागुरुम्बा द्व्हौ 2026’ में हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम पूर्वोत्तर भारत की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

















