नई दिल्ली । पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का प्रचार अपने प्रचंड पर चल रहा है। इसी सिलसिले में उत्तर बंगाल पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घुसपैठ और सीमा सुरक्षा को लेकर ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने स्पष्ट किया कि वोटर लिस्ट से नाम कटना तो महज एक ट्रेलर है, असली लक्ष्य घुसपैठियों को भारतीय सीमा से बाहर करना है।
सीमा पर ऐसी किलेबंदी होगी कि ‘परिंदा भी पर न मार सके’
बता दें कि अमित शाह ने आज कूचबिहार के तुफानगंज में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अगर बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है, तो पूर्वी सीमाओं को पूरी तरह सुरक्षित कर दिया जाएगा। उन्होंने इस दौरान मुहावरे का प्रयोग करते हुए कहा कि, “सीमाओं पर ऐसी बाड़ लगाई जाएगी कि वहां परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा।”
जनसभा में अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार सीमा सुरक्षा बल (BSF) को बाड़ लगाने के लिए जरूरी जमीन उपलब्ध नहीं करा रही है। उन्होंने वादा किया कि भाजपा के सत्ता में आने के 45 दिनों के भीतर सीमांकन का सारा लंबित काम पूरा कर लिया जाएगा।
घुसपैठ रोकना काफी नहीं, घुसपैठियों को निकालना भी जरूरी
अमित शाह ने अपने भाषण में जोर देकर कहा कि भाजपा का एजेंडा केवल नई घुसपैठ रोकना नहीं है। उन्होंने कहा- “जो लोग पहले ही अवैध तरीके से देश में दाखिल हो चुके हैं, उन्हें बाहर का रास्ता दिखाना भी हमारी प्राथमिकता है। तृणमूल कांग्रेस की सरकार इस मुद्दे को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है।”
वहीं वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर कहा कि चुनाव आयोग ने केवल नियमों के तहत घुसपैठियों के नाम हटाए हैं, लेकिन टीएमसी इस पर बेवजह राजनीति कर पक्षपात के आरोप लगा रही है।
उत्तर बंगाल के लिए शाह के बड़े वादे
अपनी तुफानगंज की जनसभा में ममता बनर्जी पर उत्तर बंगाल की अनदेखी का आरोप लगाते हुए अमित शाह ने इस क्षेत्र के लिए निम्न महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं –
राजबंशी भाषा : भाजपा सरकार बनने पर राजबंशी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया जाएगा।
नारायणी बटालियन : क्षेत्र की सुरक्षा और सम्मान के लिए ‘नारायणी बटालियन’ का गठन किया जाएगा।
बजटीय आवंटन : अमित शाह ने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने उत्तर बंगाल के विकास को बजट में नजरअंदाज किया है, जिसे भाजपा सुधारेगी।
भ्रष्टाचार पर शाह का प्रहार : “पाई-पाई वसूल करेंगे”
जलपाईगुड़ी के राजगंज में एक अन्य रैली के दौरान अमित शाह ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि तृणमूल नेताओं ने जनता का जो पैसा लूटा है, भाजपा सरकार आने पर उसकी एक-एक पाई वसूल की जाएगी और वह पैसा वापस जनता के विकास में लगाया जाएगा।

















