अयोध्या राम मंदिर और पंचकोशी परिक्रमा मार्ग की धार्मिक मर्यादा को बनाए रखने के लिए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब इस पूरे क्षेत्र में नॉनवेज बिक्री और परोसने पर पूर्ण रोक लगा दी गई है। यह आदेश सिर्फ दुकानों, होटल और ढाबों तक सीमित नहीं है, बल्कि ऑनलाइन फूड डिलीवरी करने वाली कंपनियों पर भी समान रूप से लागू होगा।
ऑनलाइन फूड डिलीवरी पर भी सख्ती
प्रशासन के फैसले के बाद अब Swiggy, Zomato जैसे ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के जरिए भी इस क्षेत्र में नॉनवेज खाना मंगवाया या पहुंचाया नहीं जा सकेगा। अयोध्या धाम और पंचकोशी मार्ग में स्थित किसी भी होटल, गेस्ट हाउस या होम-स्टे में नॉनवेज पकाने, बेचने या परोसने की अनुमति नहीं होगी।
हिंदू होने की सजा? : AMU में हिंदू प्रोफेसरों का शोषण.? 27 से साल परेशान महिला ने उठाई आवाज
शिकायतों के बाद लिया गया फैसला
प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि पहले से प्रतिबंध के बावजूद कुछ होटल और होम-स्टे में ऑनलाइन डिलीवरी के जरिए नॉनवेज भोजन पर्यटकों को परोसा जा रहा है। इससे धार्मिक आस्था और परंपराओं का उल्लंघन हो रहा था। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने ऑनलाइन माध्यम पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया।
नियम तोड़ने पर सख्त कानूनी कार्रवाई
सहायक खाद्य आयुक्त मानिक चंद्र सिंह ने आदेश की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी होटल संचालकों, दुकानदारों और ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों को इस निर्णय की सूचना दे दी गई है। उन्होंने साफ कहा कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पूरे क्षेत्र में लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।
राम मंदिर जाने से पहले हनुमानगढ़ी जाना क्यों है जरूरी? जानिए रहस्य
पंचकोशी मार्ग की धार्मिक महत्ता
करीब 15 किलोमीटर लंबा पंचकोशी परिक्रमा मार्ग अयोध्या की धार्मिक पहचान का अहम हिस्सा है। इस मार्ग में कपिलधारा, राम-रेशम, शिवपुर, कणक-कणेश्वर और बाहुक जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल आते हैं। सरयू नदी के किनारे बसे इन स्थानों और मार्ग में स्थित छोटे-बड़े मंदिरों की पवित्रता बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है।
आस्था को मिला सम्मान
प्रशासन के इस कदम से राम भक्तों और स्थानीय लोगों में खुशी देखी जा रही है। लोगों का मानना है कि इससे अयोध्या की धार्मिक पहचान और सनातन परंपरा की गरिमा बनी रहेगी और श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान होगा।

















