Who Is Ankush Bharadwaj: राष्ट्रीय शूटिंग टीम से जुड़े कोच अंकुश भारद्वाज को भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (NRAI) ने सस्पेंड कर दिया है। उनके खिलाफ हरियाणा पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज कर ली है। अंकुश भारद्वाज पर 17 साल की राष्ट्रीय स्तर की शटर से यौन शोषण का आरोप लगा है।
नाबालिग शूटर को होटल में बुलाकर किया यौन शोषण
पुलिस शिकायत में कहा गया है कि अंकुश भारद्वाज ने नई दिल्ली के करणी सिंह शूटिंग रेंज में हुई राष्ट्रीय चैंपियनशिप के दौरान नाबालिग शूटर का यौन शोषण किया। यह घटना दिसंबर 2025 की है। आरोप है कि उन्होंने अभ्यास सत्र के बाद नाबालिग शूटर को होटल में बुलाया और उसका यौन शोषण किया। पीड़िता अगस्त 2024 से अंकुश भारद्वाज से ट्रेनिंग ले रही थी।
राष्ट्रीय राइफल संघ सचिव राजीव भाटिया का कहना है कि अंकुश भारद्वाज निलंबित कर दिया गया है। उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी करेंगे। जब तक जांच पूरी नहीं होती वे कोचिंग गतिविधि से जुड़े नहीं रहेंगे। पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ की सिफारिश पर भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) ने उन्हें राष्ट्रीय कोच बनाया था।
कौन हैं अंकुश भारद्वाज? 2010 में डोपिंग उल्लंघन पर बैन भी हुए
अंकुश भारद्वाज हरियाणा के अंबाला के रहने वाले हैं। उन्होंने 2005 में एनसीसीस कैंप से शूटिंग शुरू की और फिर जसपाल राणा इंस्टीट्यूट ऑफ शूटिंग एंड स्पोर्ट्स, देहरादून में ट्रेनिंग ली। उन्होंने 2007 में आगरा में जीवी मावलांकर शूटिंग कॉम्पिटीशन में तीन स्वर्ण पदक जीते। 2008 में पुणे में कॉमनवेल्थ यूथ गेम्स में 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। 2010 में उन्हें डोपिंग नियम उल्लंघन पर बैन किया। फिर 2012 में उनकी वापसी हुई और 2016 हैनोवर शूटिंग कॉम्पिटीशन में भारत को टीम गोल्ड दिलाने में मदद की। अंकुश मोहाली में साल्वो शूटिंग रेंज चलाते हैं।

















