महाराष्ट्र के पालघर जिले के एक निजी मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में छात्रा से रैगिंग की घटना सामने आई है। पीड़िता कॉलेज में फिजियोथैरेपी फर्स्ट ईयर की छात्रा है। उसने आरोप लगाया है कि चेहरा ढकी हुई एक लड़की ने उसे हॉस्टल की पांचवीं मंजिल पर रोका और उसे नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया। उसके मना करने के बाद भी वह उस पर लगातार दबाव बनाती रही। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं हिंदू संगठनों के विरोध प्रदर्शन के बाद कॉलेज प्रशासन ने हॉस्टल वार्डन और एक टीचर को सस्पेंड कर दिया है।
मना करने के बाद भी नमाज पढ़ने का दबाव बनाया
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना रविवार (4 जनवरी) रात को वाडा तालुका के पोशेरी गांव में स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में हुई। पीड़िता नासिक की रहने वाली है और फिजियोथैरेपी फर्स्ट ईयर की छात्रा है। उसने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि जब वह हॉस्टल की पांचवीं मंजिल पर थी, तो एक लड़की ने उसे रोका, जिसका चेहरा ढका हुआ था। आरोपी लड़की ने उसे नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया और मना करने के बाद भी उस पर लगातार दबाव डालती रही, जिससे वह डर गई। पुलिस ने बताया कि पीड़ित छात्रा ने अगली सुबह सोमवार (5 जनवरी) को अपने परिवार को इसकी जानकारी दी। परिवार का कहना है कि कॉलेज प्रशासन से कोई ठोस जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने विश्व हिंदू परिषद से संपर्क किया।
हॉस्टल वार्डन, एक टीचर को सस्पेंड किया
इस घटना के बाद कैंपस में तनाव फैल गया। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए पुलिस तैनात की गई। पुलिस ने इस मामले में सोमवार रात को एफआईआर दर्ज की। एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह घटना रैगिंग से जुड़ी हो सकती है। पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख हालात का जायजा लेने के लिए खुद कॉलेज पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने कहा, “हमने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और महाराष्ट्र रैगिंग विरोधी कानून के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस हॉस्टल, कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज देख रही है और दूसरे छात्रों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बीच लोगों के बढ़ते गुस्से और परिजनों की नाराजगी को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक हॉस्टल वार्डन व एक टीचर को सस्पेंड कर दिया।
कॉलेज में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
वहीं, विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कॉलेज की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। संगठन का दावा है कि इससे पहले भी कॉलेज में इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। हालांकि कॉलेज मैनेजमेंट ने इन आरोपों से इनकार किया और कहा कि अतीत में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। साथ ही उन्होंने कहा कि वे पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगे। फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
















