नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाने वालों की पहचान हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन का भी कहना है कि इन विद्यार्थियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। ये सारे छात्र वामपंथी हैं और वामपंथी छात्र संगठनों से जुड़े हैं। इन छात्रों ने गुरिल्ला ढाबा के पास ‘मोदी-शाह की कब्र खुदेगी JNU की धरती पर’ जैसे विवादित और देश के प्रधानमंत्री व गृहमंत्री की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले नारे लगाए थे। वायरल वीडियो में ये सारे छात्र साफ तौर पर नारे लगाते हुए दिख रहे हैं।
30-35 वामपंथी छात्रों ने गुरिल्ला ढाबे पर लगाए थे नारे
जिनमें से 9 चेहरों की पहचान हो गई है। प्रदर्शन में शामिल छात्रों की संख्या 30 से 35 बताई जा रही है। पुलिस फिलहाल बाकी छात्रों की पहचान की कोशिश कर रही है। इस पूरे घटनाक्रम में विश्वविद्यालय प्रशासन पहले ही दिल्ली पुलिस को पत्र लिख चुका है। जिसमें इन छात्रों के खिलाफ एफआईआर की मांग की गई है। पीएम मोदी और शाह के खिलाफ अशोभनीय नारे लगाने वाले छात्रों में जेएनयू छात्र संघ की वर्तमान अध्यक्ष अदिति मिश्रा भी शामिल है। इन छात्रों के नाम इस प्रकार हैं-
1. अदिति मिश्रा, जेएनयू छात्र संघ (JNUSU) की वर्तमान अध्यक्ष
2. गोपिका बाबू
3. सुनील यादव
4. दानिश अली
5. साद आजमी
6. महबूब इलाही
7. कनिष्क
8. पाकीजा खान
9. शुभम
क्या है पूरा मामला?
सोमवार देर रात साबरमती हॉस्टल के बाहर आयोजित कार्यक्रम में वामपंथी छात्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ अशोभनीय नारे लगाए थे। यह प्रदर्शन सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिल्ली दंगों के आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिका खारिज करने के बाद हुआ। बता दें कि 5 जनवरी 2026 को उच्चतम न्यायालय ने 2020 दिल्ली दंगों की बड़ी साजिश मामले में उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत अर्जी खारिज कर दी थी।
इसके ठीक बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में वामपंथी छात्र संगठनों SFI, DSF और AISA से जुड़े करीब 30-35 छात्रों ने ‘गुरिल्ला ढाबा’ के पास विरोध जताया। कार्यक्रम की शुरुआत 2020 की जेएनयू हिंसा की छठी बरसी मनाने के लिए हुई थी। लेकिन कोर्ट के फैसले के बाद नारे बदल गए। इसके वीडियो भी वायरल हुए। इन वामपंथी छात्रों ने ‘अडानी-अंबानी राज की कब्र खुदेगी’ जैसे नारे भी लगाए थे। इसके बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया। पुलिस बाकी के छात्रों की पहचान करने में जुटी है।

















